दीवान हॉस्पिटल में महा रक्तदान शिविर, 150 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित

अंतर्राष्ट्रीय रक्तदाता दिवस पर दीवान सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पानीपत में आयोजित महा रक्तदान शिविर में 150 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। CISF जवानों सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

दीवान हॉस्पिटल में महा रक्तदान शिविर, 150 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित
  • अंतर्राष्ट्रीय रक्तदाता दिवस पर दीवान हॉस्पिटल में महा रक्तदान शिविर आयोजित
  • 150 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित, CISF जवानों ने भी किया रक्तदान
  • मानवता और राष्ट्र सेवा का प्रेरणादायक संदेश बना आयोजन

पानीपत के अंसल स्थित दीवान सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अंतर्राष्ट्रीय रक्तदाता दिवस के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस महा रक्तदान शिविर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, संस्थाओं के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए रक्तदान किया।

कार्यक्रम में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा तथा पानीपत की प्रथम नागरिक एवं नगर निगम मेयर कोमल सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़ने की अपील की।

शिविर की विशेष बात यह रही कि एनएफएल यूनिट के CISF जवानों ने भी बड़ी संख्या में रक्तदान किया। देश की सुरक्षा में तैनात जवानों की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष प्रेरणादायक बना दिया। जवानों ने कहा कि देश सेवा केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की जान बचाने के लिए रक्तदान करना भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

खबर लिखे जाने तक शिविर में 150 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया जा चुका था और लगातार रक्तदाता शिविर में पहुंच रहे थे। आयोजन स्थल पर उत्साह और सेवा भावना का वातावरण देखने को मिला।

इस सफल आयोजन में डी-ब्लॉक पानीपत, जन सारथी फाउंडेशन, राजस्थानी परिवार पानीपत और साइकिल क्लब पानीपत का विशेष सहयोग रहा। वहीं दीवान हॉस्पिटल का पूरा स्टाफ शिविर को सफल बनाने में पूरी निष्ठा के साथ जुटा रहा।

कार्यक्रम के दौरान एक रक्तदाता विशेष आकर्षण का केंद्र रहे जिन्होंने 69वीं बार रक्तदान कर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।

मुख्य अतिथि हरपाल ढांडा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और दीवान हॉस्पिटल के इस प्रयास की सराहना की।

वहीं CISF अधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य देश के लिए हर संभव योगदान देना है। रक्तदान भी एक प्रकार की राष्ट्र सेवा है, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है।

कार्यक्रम में मौजूद सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। अस्पतालों में मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहे, इसके लिए सभी स्वस्थ नागरिकों को आगे आना चाहिए।

दीवान सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल की डॉ. नताशा ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, सामाजिक संस्थाओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. नीरज ने भी सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि समाज की भागीदारी से ही ऐसे सेवा कार्य सफल होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।

यह महा रक्तदान शिविर एक बार फिर इस बात का प्रमाण बना कि जब समाज, संस्थाएं और सुरक्षा बल एक मंच पर आते हैं तो मानवता की सेवा का एक बड़ा उदाहरण स्थापित होता है।