CM सैनी आज जारी करेंगे अंत्योदय योजनाओं की सहायता राशि
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज अंत्योदय योजनाओं के पात्र लाभार्थियों के खातों में आर्थिक सहायता राशि जारी करेंगे। दयालु योजना में 5 लाख और आवास नवीनीकरण के लिए ₹80 हजार तक सहायता मिलेगी।
CM सैनी आज जारी करेंगे अंत्योदय योजनाओं की सहायता राशि
गरीब परिवारों को 5 लाख तक की आर्थिक मदद मिलेगी
घर नवीनीकरण के लिए ₹80 हजार तक की सहायता दी जाएगी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न अंत्योदय योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में आर्थिक सहायता राशि जारी करेंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे आयोजित होगा, जिसमें पात्र परिवारों को कई योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार मुख्यमंत्री इस दौरान अंत्योदय योजनाओं के तहत लाभार्थियों को वित्तीय सहायता वितरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे। सरकार का फोकस आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाना है।
हरियाणा सरकार राज्य के उन परिवारों को इन योजनाओं का लाभ दे रही है, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए से कम है। सरकार का उद्देश्य गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें रोजगार, स्वरोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना है।
प्रदेश में चल रही प्रमुख योजनाओं में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु), हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (HAPPY) और डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत गरीब परिवारों की आय बढ़ाने के लिए कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार पर जोर दिया जा रहा है। इस योजना का लक्ष्य पात्र परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए तक पहुंचाना है।
वहीं दयालु योजना के तहत परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य की प्राकृतिक या दुर्घटनावश मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता दी जाती है। इसके अलावा 6 से 60 वर्ष की आयु के बीच स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में भी परिवार को वित्तीय मदद मिलती है। इस योजना में पात्र लाभार्थियों को 5 लाख रुपए तक की सहायता राशि दी जाती है।
HAPPY योजना के तहत 1.80 लाख रुपए से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में हर साल 1,000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इससे गरीब परिवारों को आवागमन में राहत मिल रही है।
सरकार की अंत्योदय परिवार 2.0 योजना के तहत अंत्योदय मेलों के माध्यम से युवाओं और जरूरतमंद परिवारों को स्वरोजगार के लिए ऋण, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के तहत बीपीएल परिवारों को घर की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए ₹80 हजार तक की आर्थिक सहायता दी जाती है।
सरकार की ओर से मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना (मुर्गीपालन) भी चलाई जा रही है, जिसके तहत पात्र लाभार्थियों को घर पर निःशुल्क 50 चूजे और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि वे स्वरोजगार शुरू कर सकें।
pooja