CBSE ने घोषित किया 2026 बोर्ड परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल
CBSE ने 2026 की बोर्ड परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल जारी किया। 10वीं की पहली परीक्षा 17 फरवरी से 6 मार्च और दूसरी 15 मई से 1 जून तक होगी। 12वीं की परीक्षा 9 अप्रैल तक चलेगी। करीब 45 लाख छात्र शामिल होंगे।
➤ CBSE ने 2026 बोर्ड परीक्षाओं का संभावित शेड्यूल घोषित किया
➤ 10वीं की पहली परीक्षा 17 फरवरी से 6 मार्च, दूसरी 15 मई से 1 जून तक
➤ 12वीं की बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी से 9 अप्रैल तक, 45 लाख छात्र होंगे शामिल
नई दिल्ली।केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का संभावित कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, परीक्षाएँ 17 फरवरी, 2026 से शुरू होकर 15 जुलाई, 2026 तक चलेंगी।
इस दौरान न सिर्फ़ मुख्य परीक्षाएँ बल्कि खेल छात्रों के लिए विशेष परीक्षाएँ, कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा और कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा भी आयोजित की जाएँगी।
कक्षा 10वीं का शेड्यूल
-
पहली बोर्ड परीक्षा: 17 फरवरी से 6 मार्च 2026
-
दूसरी बोर्ड परीक्षा: 15 मई से 1 जून 2026
कक्षा 12वीं का शेड्यूल
-
बोर्ड परीक्षा: 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026
CBSE के मुताबिक, इस बार भारत में करीब 45 लाख छात्र परीक्षा देंगे। 204 विषयों में परीक्षा आयोजित होगी, वहीं विदेशों के 26 देशों में भी परीक्षाएँ होंगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ये तिथियाँ अस्थायी हैं और स्कूलों द्वारा छात्रों की अंतिम सूची भेजने के बाद ही फाइनल डेटशीट जारी की जाएगी।
मूल्यांकन प्रक्रिया
CBSE ने इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने का बड़ा कदम उठाया है। हर विषय की परीक्षा के लगभग 10 दिन बाद मूल्यांकन शुरू होगा और 12 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। उदाहरण के तौर पर अगर 12वीं की भौतिकी की परीक्षा 20 फरवरी को होगी, तो मूल्यांकन 3 मार्च से 15 मार्च तक किया जाएगा।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से छात्रों को परिणाम समय पर मिलेंगे और एडमिशन व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आसानी होगी। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों की तैयारी समय पर करें ताकि किसी तरह की दिक्कत न हो।
Akhil Mahajan