जिला परिषद, बीडीसी और नगर निकायों के चेयरमैन-वाइस चेयरमैन चुनाव में देरी पर भाजपा का प्रदर्शन
शिमला में भाजपा ने जिला परिषद, बीडीसी और नगर निकायों के चेयरमैन-वाइस चेयरमैन चुनाव में देरी के विरोध में प्रदर्शन किया और सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी।
जिला परिषद, बीडीसी और नगर निकायों के चेयरमैन-वाइस चेयरमैन चुनाव में देरी पर भाजपा का प्रदर्शन
राज्यपाल के नाम उपायुक्त के माध्यम से सौंपा ज्ञापन, सरकार पर लोकतंत्र की अनदेखी का आरोप
दो दिन में चुनाव तिथि घोषित नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन और कोर्ट जाने की चेतावनी
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं ने जिला परिषद, बीडीसी और नगर निकायों के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के चुनाव में हो रही देरी को असंवैधानिक बताते हुए सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीटीओ चौक स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं का आरोप था कि सरकार जानबूझकर स्थानीय निकायों में चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के चुनाव टाल रही है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और जनता के जनादेश का सम्मान नहीं किया जा रहा।
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं करवाई तो भाजपा पूरे प्रदेश में बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक संस्थाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है और चुने हुए जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर भाजपा इस मामले में अदालत का दरवाजा भी खटखटाएगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनावों में मिली हार से सरकार बौखलाई हुई है। इसी वजह से जिला परिषद और बीडीसी के चेयरमैन तथा वाइस चेयरमैन के चुनाव लगातार टाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। यदि इस अवधि में चुनाव की तिथि घोषित नहीं की गई तो जिला, मंडल, ब्लॉक और वार्ड स्तर पर व्यापक धरना-प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे।
धरने के दौरान जिला परिषद के सदस्यों ने भी चुनाव में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और सरकार से जल्द चुनाव कराने की मांग की।
pooja