युजवेंद्र चहल और ईशांत शर्मा बने बिजनेस पार्टनर, लॉन्च की नई एनर्जी ड्रिंक

युजवेंद्र चहल और ईशांत शर्मा ने गुरुग्राम में अपनी नई एनर्जी ड्रिंक 'एक्वॉन' लॉन्च की। दोनों खिलाड़ियों ने शुगर कंट्रोल्ड फॉर्मूले और फिटनेस पर विशेष जोर दिया।

युजवेंद्र चहल और ईशांत शर्मा ने लॉन्च की नई एनर्जी ड्रिंक 'एक्वॉन'

गुरुग्राम में विराट कोहली के One8 Commune में हुआ भव्य लॉन्च

शुगर कंट्रोल्ड फॉर्मूले और फिटनेस पर दोनों क्रिकेटरों का खास जोर


भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल और अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने अब खेल के मैदान के साथ-साथ बिजनेस की दुनिया में भी नई पारी शुरू कर दी है। दोनों क्रिकेटरों ने साझेदारी में अपनी नई एनर्जी ड्रिंक 'एक्वॉन' लॉन्च की है। इस लॉन्च के साथ दोनों खिलाड़ियों ने हेल्थ और फिटनेस सेक्टर में कदम रखा है।

इस नई एनर्जी ड्रिंक का लॉन्चिंग कार्यक्रम गुरुग्राम के सेक्टर-43 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर मौजूद विराट कोहली के मशहूर रेस्टोरेंट One8 Commune में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खेल प्रेमियों, मेहमानों और कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।

लॉन्चिंग के दौरान युजवेंद्र चहल ने बताया कि 'एक्वॉन' को किसी एक आयु वर्ग या विशेष वर्ग के लिए नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह ड्रिंक हर उम्र के लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है और इसका उद्देश्य लोगों को एक संतुलित विकल्प उपलब्ध कराना है।

चहल ने कहा कि बाजार में उपलब्ध कई एनर्जी ड्रिंक्स में शुगर की मात्रा अधिक होती है, लेकिन 'एक्वॉन' में शुगर का स्तर नियंत्रित रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि इसमें उतनी ही शुगर शामिल की गई है, जितनी एक सामान्य और फिट शरीर की जरूरत के अनुरूप मानी जाती है।

वहीं ईशांत शर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता किसी आकर्षक मार्केटिंग टैगलाइन से ज्यादा एक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करना रही है। उन्होंने कहा कि जब लोगों को यह प्रोडक्ट पसंद आएगा, तब ब्रांडिंग और टैगलाइन पर भी आगे काम किया जाएगा।

ईशांत ने यह भी दावा किया कि स्वाद के मामले में 'एक्वॉन' बाजार में मौजूद कई अन्य एनर्जी ड्रिंक्स से बेहतर अनुभव देने की कोशिश करेगी। उनका कहना है कि उत्पाद की गुणवत्ता ही इसकी सबसे बड़ी पहचान बनेगी।

यह पहल इस बात का संकेत भी है कि भारतीय क्रिकेटर अब खेल के साथ-साथ स्टार्टअप, हेल्थ और लाइफस्टाइल सेक्टर में भी तेजी से निवेश कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों का लक्ष्य फिटनेस को महत्व देने वाले युवाओं और आम उपभोक्ताओं तक एक बेहतर विकल्प पहुंचाना है।

गौरतलब है कि इससे पहले विराट कोहली भी बिजनेस जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। उन्होंने One8 Commune रेस्टोरेंट चेन के अलावा One8 ब्रांड के स्पोर्ट्स शूज और एथलीजर प्रोडक्ट्स भी लॉन्च किए हैं, जिन्हें देश के कई बड़े शहरों में अच्छी पहचान मिली है।