यमुनानगर में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की
यमुनानगर में पति-पत्नी के झगड़े के बाद महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
■ यमुनानगर में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की
■ रात में पति-पत्नी के बीच हुआ था झगड़ा
■ दो बच्चों की मां थी महिला, आरोपी पति पुलिस हिरासत में
हरियाणा के यमुनानगर जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली थी और अपने पति संतोष यादव व दो बच्चों के साथ यमुनानगर के सादिपुर इलाके में किराए के मकान में रहती थी। परिवार लंबे समय से यहां रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी संतोष यादव पास की एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता है। पुलिस के अनुसार रविवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि संतोष यादव ने कथित रूप से पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना रात करीब दो बजे पुलिस को मिली। सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे में महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत और मातम का माहौल है। सबसे ज्यादा चिंता दो मासूम बच्चों को लेकर जताई जा रही है, जिनकी मां की मौत हो गई और पिता पुलिस हिरासत में है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
pooja