गोली मारकर युवक की हत्या करने के मामले में बीजेपी नेता गिरफ्तार

हिसार के उकलाना में फायरिंग कर एक युवक की हत्या के मामले में भाजपा नेता प्रदीप उर्फ सोनू गिरफ्तार, पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

गोली मारकर युवक की हत्या करने के मामले में बीजेपी नेता गिरफ्तार

➤उकलाना फायरिंग केस में भाजपा नेता प्रदीप उर्फ सोनू गिरफ्तार
➤ कहासुनी के बाद 6 लोगों पर चलाई गोलियां, एक युवक की मौत
➤ पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर शुरू की गहन जांच


हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज फायरिंग घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में एक युवक की मौत हो गई थी, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया था।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप उर्फ सोनू उर्फ सोनी निवासी वार्ड नंबर 3, उकलाना मंडी के रूप में हुई है। थाना उकलाना के प्रभारी PSI कुलदीप ने बताया कि शिकायतकर्ता मुकेश कुमार उर्फ मुक्की निवासी सदलपुर के बयान पर मामला दर्ज किया गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 4 मई 2026 की रात वह अपने साथियों शुभम, विवेक उर्फ जतिन, सुग्रीव, पवन, सोनु और मोनु के साथ बोलेरो गाड़ी में अपने दोस्त दीपक उर्फ बेदी से मिलने गया था। रात करीब 10:30 बजे सभी उकलाना मंडी में मौजूद थे, तभी दीपक ने बताया कि आरोपी उसे परेशान कर रहा है और वह SBI बैंक के पास खड़ा है।

इसके बाद सभी युवक मौके पर पहुंचे, जहां बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान प्रदीप उर्फ सोनू ने अपनी पिस्टल निकालकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में शुभम के सीने में गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत धारा 103, 109 BNS और 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक शुभम का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी