सोनीपत के श्रीराम पार्क में लिखे 'आई लव मोहम्मद' लव जिहाद और '786 के नारे
सोनीपत के श्रीराम पार्क में 'आई लव मोहम्मद', 'लव जिहाद' और '786' के नारे लिखे गए। सुबह पार्क में सैर करने वालों ने नारे देख पुलिस को सूचना दी। नारों पर पेंट करवा दिया गया। हिंदू संगठनों ने शिकायत की। पुलिस CCTVs खंगाल रही है, आरोपियों की तलाश जारी।
➤ सोनीपत के श्रीराम पार्क में 'आई लव मोहम्मद', लव जिहाद और '786' के नारे लिखे मिले
➤ सुबह पार्क में सैर करने वालों ने नारे देख पुलिस को सूचना दी, नारों पर तुरंत पेंट कराया गया
➤ हिंदू संगठन के लोग पार्क में पहुंचे, पुलिस आसपास CCTV खंगाल रही, आरोपियों की तलाश जारी
हरियाणा के सोनीपत में बुधवार को शरारती तत्वों ने श्रीराम पार्क (मुरथल रोड) में धार्मिक और विवादास्पद नारे लिखकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। झूलों पर 'आई लव मोहम्मद', 'लव जिहाद' और अरबी भाषा में '786' के नारे लिखे गए।
सुबह सैर करने आए लोगों ने यह देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सेक्टर 27 थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नारों को तुरंत पेंट कर मिटवाया।
स्थानीय हिंदू संगठनों के लोग भी मौके पर जुटे। पार्क के माली नरेंद्र ने बताया कि सुबह 6 बजे उन्होंने झूलों पर यह लिखा हुआ देखा। उन्होंने पार्क में घूम रहे लोगों को इस घटना की जानकारी दी। हिंदू संगठन के प्रमुख मनजीत और नेता नरेश राठौड़ ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि यह घटना नवरात्रि और दशहरे के समय की जा रही षड्यंत्रपूर्ण गतिविधि है, जो धार्मिक भावनाओं को आहत करती है।
यह विवाद पहले कानपुर में 4 सितंबर को शुरू हुआ था। बारावफात के जुलूस मार्ग पर 'आई लव मोहम्मद' लिखा लाइट बोर्ड लगाया गया था, जिसके विरोध में स्थानीय हिंदू संगठनों ने कार्रवाई की और पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस विवाद को लेकर बैनर, रैलियां और पोस्टर लगे।
26 सितंबर को बरेली में विवाद और भड़का, जहां भीड़ सड़कों पर उतर गई और पथराव किया। पुलिस ने हालात संभालने के लिए लाठीचार्ज किया। अब सोनीपत में भी इस घटना के मामले में कड़ी सुरक्षा और जांच की जा रही है।