सोनीपत में बंद गाड़ी में मिला युवक का श*व, ह*त्या की आशंका
सोनीपत के रोहट नहर के पास बलेनो गाड़ी में 35 वर्षीय सोनू का शव मिला। ससुराल जाते समय लापता युवक के सिर-कमर पर निशान मिले, हत्या की आशंका है।
रोहतक नहर के पास बंद बलेनो गाड़ी में 35 वर्षीय सोनू का शव मिला, दो दिन से था लापता
➤ सिर और कमर पर निशान मिलने का परिजनों का दावा, हत्या की आशंका जताई
➤ सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह होगी साफ
सोनीपत जिले में रोहट नहर के पास शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालत में 35 वर्षीय युवक सोनू का शव उसकी ही बलेनो गाड़ी में मिला। सोनू दो दिन पहले गोहाना के गांव जौली से नरेला स्थित अपनी ससुराल जाने के लिए निकला था। वापस घर नहीं लौटने पर परिवार उसकी तलाश कर रहा था। शुक्रवार सुबह उसकी गाड़ी नहर के पास मिलने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने परिस्थितियों के आधार पर हत्या की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि सोनू के सिर और कमर पर निशान दिखाई दिए हैं। हालांकि, चोटों और मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि सोनू की गाड़ी नहर तक कैसे पहुंची और वहां कब से खड़ी थी।
23 सितंबर शाम ससुराल जाने के लिए निकला था
गोहाना के गांव जौली निवासी सुरेश ने बताया कि उसका 35 वर्षीय भतीजा सोनू 23 सितंबर को शाम करीब 6 बजे अपनी बलेनो गाड़ी से नरेला के गांव कुरैनी स्थित ससुराल के लिए निकला था। सोनू अपने साले की बीमार पत्नी का हालचाल जानने के लिए वहां गया था।
परिवार के अनुसार, 24 सितंबर सुबह करीब 7 बजे सोनू की पत्नी पीनू ने फोन कर उससे पूछा कि वह कहां पहुंचा है। सोनू ने बताया था कि वह घर के लिए निकलने वाला है। इसके बाद परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द ही घर पहुंच जाएगा।
11 बजे तक घर नहीं पहुंचा तो मोबाइल मिला बंद
परिजनों के अनुसार, जब सोनू सुबह 11 बजे तक घर नहीं पहुंचा, तो उसकी पत्नी ने दोबारा फोन किया। इस बार उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी।
बताया गया कि शाम करीब 5 बजे सोनू का मोबाइल दोबारा ऑन हुआ। परिवार ने उससे संपर्क करने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन करीब 5-6 घंटे तक संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। रिश्तेदारों और परिचितों से भी सोनू के बारे में जानकारी जुटाई गई।
नरेला थाने में दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत
सोनू का कोई सुराग नहीं मिलने पर शुक्रवार सुबह उसके ससुर मैहरद्दिन ने नरेला थाना पुलिस को शिकायत दी। परिवार ने रिश्तेदारों और परिचितों को भी सोनू की तलाश में लगाया हुआ था। परिजनों से कहा गया था कि सोनू कहीं दिखाई दे तो तुरंत परिवार को सूचना दी जाए।
इसी बीच शुक्रवार सुबह परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान उसकी बलेनो गाड़ी के बारे में जानकारी मिली।
दिल्ली जा रहे दामाद ने नहर के पास देखी गाड़ी
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे परिवार के कुछ लोग नहर के रास्ते सोनू की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान सोनीपत से दिल्ली नौकरी के लिए जा रहे परिवार के दामाद धीरज ने उन्हें सूचना दी कि सोनू की बलेनो गाड़ी रोहट नहर के किनारे खड़ी दिखाई दे रही है।
धीरज ने बताया कि गाड़ी के शीशे बंद थे। गाड़ी की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
ड्राइवर-कंडक्टर सीट के बीच मिला शव
सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। परिवार के अनुसार, गाड़ी खोलने पर सोनू का सिर कंडक्टर सीट और शरीर ड्राइवर सीट की तरफ पड़ा हुआ था।
पुलिस ने मौके की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
सिर और कमर पर निशान मिलने का परिजनों का दावा
सोनू के चाचा सुरेश ने बताया कि युवक के सिर और कमर पर निशान दिखाई दिए हैं। परिजनों के अनुसार, उसकी कमर की खाल भी उतरी हुई थी और नाक से खून निकल रहा था।
परिवार ने यह भी बताया कि सोनू ने बनियान उलटी पहन रखी थी और उसके ऊपर शर्ट थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, चोटों और मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों ने कहा- किसी से कोई विवाद नहीं था
परिजनों का कहना है कि सोनू का किसी के साथ कोई झगड़ा या विवाद नहीं था। परिवार के अनुसार, न तो किसी से उसकी कहासुनी हुई थी और न ही किसी तरह की रंजिश के बारे में उन्हें जानकारी थी।
इसके बावजूद जिस हालत में उसका शव गाड़ी से मिला, उसे लेकर परिवार ने किसी साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है।
2011 में हुई थी शादी, दो बच्चों का पिता था सोनू
परिवार के अनुसार, सोनू की शादी वर्ष 2011 में पीनू के साथ हुई थी। उसके 2 बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 और 12 साल है। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी 3 बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन अविवाहित है।
सोनू अपनी बलेनो गाड़ी को टैक्सी के तौर पर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत की खबर के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
नहर तक पहुंचने की कड़ी खंगाल रही पुलिस
सदर थाना पुलिस अब रोहट नहर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोनू की गाड़ी नहर के पास कब पहुंची और वहां कितनी देर से खड़ी थी।
इसके अलावा गाड़ी तक पहुंचने वाले रास्ते और आसपास की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सोनू की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
नरेला में मिसिंग दर्ज, सोनीपत में मिला शव
सोनीपत सदर थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि सोनू के लापता होने को लेकर नरेला थाना में मिसिंग की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। शुक्रवार को सोनीपत के रोहट में नहर किनारे उसकी गाड़ी में शव मिला है।
उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद चलेगा।
Akhil Mahajan