सोनीपत स्टेशन पर लगा खुफिया कैमरा उतारा, आरोपी से पूछताछ संदिग्ध कैमरे से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच तेज

सोनीपत रेलवे स्टेशन पर लगाए गए संदिग्ध खुफिया कैमरे को पुलिस और आरपीएफ ने आरोपी की निशानदेही पर हटाया। कैमरे के नेटवर्क और एक्सेस की जांच जारी है।

सोनीपत स्टेशन पर लगा खुफिया कैमरा उतारा, आरोपी से पूछताछ  संदिग्ध कैमरे से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच तेज

सोनीपत स्टेशन पर लगा संदिग्ध खुफिया कैमरा उतारा गया
गाजियाबाद से पकड़े आरोपी से कराई गई मौके पर निशानदेही
पांच प्लेटफार्म पर नजर रखने में सक्षम, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट


सोनीपत रेलवे स्टेशन के पास पोल पर लगाए गए संदिग्ध खुफिया कैमरे को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उतार लिया गया है। इस मामले में गाजियाबाद से गिरफ्तार आरोपी को सोनीपत लाकर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने मौके पर निशानदेही कराई। टेक्निकल एक्सपर्ट की मदद से कैमरे को सुरक्षित तरीके से पोल से हटाया गया। पूरे ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और अधिकारियों ने मामले को लेकर मीडिया से दूरी बनाए रखी।

पुलिस और आरपीएफ टीम आरोपी को उसी स्थान पर लेकर पहुंची, जहां कैमरा लगाया गया था। वहां उससे विस्तृत पूछताछ की गई और पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। अधिकारियों की मौजूदगी में टेक्निकल टीम ने सावधानीपूर्वक कैमरे को उतारा, ताकि उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी सुरक्षित रह सके।

जांच में सामने आया है कि यह खुफिया कैमरा बेहद संवेदनशील जगह पर लगाया गया था, जहां से रेलवे स्टेशन के सभी पांच प्लेटफार्म पर नजर रखी जा सकती थी। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है, क्योंकि यह कैमरा बड़े स्तर पर गतिविधियों की निगरानी करने में सक्षम था।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ की टीम को नियमित गश्त के दौरान यह सोलर कैमरा संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया था। शक होने पर टीम ने कैमरे को कपड़े से ढक दिया, ताकि वह किसी तरह की रिकॉर्डिंग न कर सके और सामान्य नजर आए। इसके बाद पूरे मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कैमरा कब लगाया गया, वह सक्रिय था या नहीं, और उसका एक्सेस किन-किन लोगों के पास था। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या साजिश तो नहीं है।

जिस पोल पर कैमरा लगाया गया था, वहां अब सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं। अलग-अलग शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है और आसपास के क्षेत्र में आम लोगों के आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।