हरियाणा में कांग्रेस का धरना,खड़गे मामले में शिकायत की मांग, पुलिस पर टालमटोल का आरोप
गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की मांग पर थाने के बाहर धरना दिया
गुरुग्राम में थाने के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता
➤ खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण पर शिकायत की मांग
➤ पुलिस पर सुबह से टालमटोल करने का कांग्रेसियों ने लगाया आरोप
गुरुग्राम में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता शिवाजी नगर थाने के बाहर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ता उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल का कथित तौर पर 'शुद्धिकरण' किए जाने के मामले में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस सुबह से ही उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही थी। इससे नाराज होकर उन्होंने थाने के मुख्य गेट के बाहर ही धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकारिणी अध्यक्ष अनिल धानक कर रहे हैं। धरने में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय पुलिस के रवैये पर कड़ा रोष जताया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी शिकायत पर उचित धाराओं में शिकायत दर्ज नहीं की जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
सुबह से पुलिस पर टालमटोल का आरोप
कांग्रेस नेता अनिल धानक ने पत्रकारों को बताया कि वे हल्द्वानी की घटना के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर शिवाजी नगर थाने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि पुलिस अधिकारी सुबह से ही उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें टाल रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, पुलिसकर्मी कभी उन्हें डीसीपी कार्यालय जाकर शिकायत देने की बात कह रहे थे और कभी इस मामले को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर का बताकर पल्ला झाड़ रहे थे। पुलिस के इसी रवैये से नाराज होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर ही धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की ओर से लगातार टालमटोल किए जाने के बाद उन्हें धरने पर बैठने का फैसला लेना पड़ा।
क्या है हल्द्वानी का पूरा मामला?
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध की मुख्य वजह उत्तराखंड के हल्द्वानी की एक घटना है। आरोप है कि वहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद कुछ लोगों ने उस जगह का 'शुद्धिकरण' किया था।
कांग्रेस इस घटना को सीधे तौर पर दलित समाज और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष के अपमान से जोड़कर देख रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह का कृत्य देश के दलित और पिछड़े समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस मामले के खिलाफ वे देश भर में आवाज उठाएंगे और दोषियों पर मुकदमा दर्ज कराकर ही दम लेंगे। इसी मांग को लेकर गुरुग्राम के कांग्रेस कार्यकर्ता शिवाजी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे।
थाने के बाहर पुलिसकर्मी तैनात, बातचीत की कोशिशें जारी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अचानक धरने पर बैठ जाने के बाद शिवाजी नगर थाने के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाने के बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दूसरे राज्य से जुड़ा हुआ है, इसलिए विधिक राय ली जा रही है। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर डटे हुए हैं।
पुलिस के आला अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराने की कोशिशों में जुटे हैं। हालांकि, कांग्रेसियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी शिकायत पर उचित धाराओं में शिकायत दर्ज नहीं की जाती, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
Akhil Mahajan