Live: हरियाणा विधानसभा में फिर गरमाया माहौल, हुड्डा-सैनी में बहस; ‘गुंडागर्दी’ शब्द पर माफी की मांग
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन हुड्डा ने ‘गुंडागर्दी’ शब्द पर माफी मांगी। HKRN, बजट, चुलकाना धाम बिल समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
➤ हरियाणा विधानसभा में आज फिर हुड्डा-सैनी आमने-सामने, ‘गुंडागर्दी’ शब्द पर माफी की मांग
➤ कांग्रेस के रोष मार्च और पुलिस से गहमागहमी के बाद सदन में भी गरमाया माहौल
➤ HKRN, अनुपूरक बजट, चुलकाना धाम श्राइन बिल और कई मुद्दों पर होगी अहम चर्चा
पंचकूला। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का मुद्दा फिर सदन में गूंज उठा। प्रश्नकाल शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सत्र के पहले दिन हुए मिसबिहेव के मामले को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस विधायकों को विधानसभा के गेट पर रोका गया और पूछा कि उन्हें किसके आदेश से रोका जा रहा है।
हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए ‘गुंडागर्दी’ शब्द पर भी जवाब और माफी की मांग की। उन्होंने कहा, “अभी तक ‘गुंडागर्दी’ शब्द का जवाब नहीं मिला है। सीएम ने माफी भी नहीं मांगी है। जुबान फिसल जाती है, माफी मांग लें।”
इस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जवाब दिया कि विधायकों को रिकॉर्डिंग दिखाई गई थी। मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि प्रश्नकाल के बाद इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। इससे पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक, राज्यपाल से मुलाकात और विधानसभा तक रोष मार्च के चलते सदन के बाहर भी राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।
‘गुंडागर्दी’ शब्द पर हुड्डा ने मांगी माफी
सदन में बोलते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस विधायक राज्यपाल से मिलकर आए हैं और आज भी उनके साथ वही हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें आज भी विधानसभा में आने से रोका गया और यह स्पष्ट होना चाहिए कि ऐसा किसके आदेश से किया जा रहा है।
हुड्डा ने कहा, “हम राज्यपाल से मिलकर आए हैं। आज भी हमारे साथ वही हुआ है। हमें आज भी रोका गया। किसके आदेश से रोका जा रहा है? अभी तक हमें ‘गुंडागर्दी’ शब्द का जवाब नहीं मिला है। सीएम ने माफी भी नहीं मांगी है।”
उन्होंने आगे कहा कि जुबान फिसल जाती है तो माफी मांग लेनी चाहिए। हुड्डा ने ‘गुंडागर्दी’ शब्द को असंसदीय भाषा का प्रयोग बताया।
इसी दौरान अरविंद शर्मा ने खड़े होकर कहा, “आपको अपने अधिकारों की पड़ी है, जनता के अधिकार कहां जाएंगे?” इसके बाद सदन में माहौल और गर्म हो गया।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने इस मुद्दे पर प्रश्नकाल के बाद चर्चा करने की बात कही।
कांग्रेस ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद निकाला रोष मार्च
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। इसके बाद कांग्रेस विधायक राज्यपाल प्रो. असीम घोष से मिले और सत्र के पहले दिन हुए मिसबिहेव के विरोध में ज्ञापन सौंपा।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि गवर्नर ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने हाईकोर्ट चौक से विधानसभा तक रोष मार्च निकाला।
इस दौरान विधानसभा गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों और कुछ कांग्रेस विधायकों के बीच गहमागहमी भी हुई। कांग्रेस की ओर से पहले दिन की घटना को लेकर विरोध दर्ज कराया गया।
पहले दिन विधानसभा गेट पर हुई थी धक्का-मुक्की
सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायक काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे थे। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर राम मंदिर चंदा चोरी और पेपर लीक से जुड़े नारे लिखे थे।
पुलिस ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस के सभी विधायकों को विधानसभा के गेट पर ही रोकने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस विधायकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई थी।
इसके बाद पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के सिर पर पुलिसकर्मी के हाथ मारने और हुड्डा द्वारा पुलिसकर्मी को कोहनी मारने का वीडियो सामने आया था। इसी घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा के भीतर भी सवाल उठाए और अब राज्यपाल के सामने मामला रखा है।
पशुओं में बीमारी और टीकाकरण पर विधानसभा में सवाल
प्रश्नकाल के दौरान इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल ने पशुधन में फैल रहे रोग का मुद्दा उठाया। उन्होंने बीमारी का विवरण मांगा और पूछा कि इससे बचाव के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं तथा क्या टीकाकरण का काम पूरा हो चुका है।
मंत्री श्याम सिंह राणा ने जवाब दिया कि कुरुक्षेत्र, पंचकूला, रेवाड़ी और यमुनानगर में बीमारी के 1,356 मामले सामने आए हैं। अन्य स्थानों से पशुओं के 99 सैंपल लेकर लुवास, हिसार भेजे गए थे। इनमें लंपी रोग की जांच की गई, लेकिन सभी सैंपल निगेटिव पाए गए।
मंत्री ने बताया कि लंपी की रोकथाम के लिए 25 जुलाई 2026 से प्रदेश की पूरी गोवंश आबादी का टीकाकरण किया जा रहा है। विभाग की ओर से प्रभावित पशुओं का लक्षणात्मक उपचार भी कराया जा रहा है। अब तक 13 लाख 42 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
आदित्य देवीलाल ने गोशालाओं को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि 3 एकड़ क्षेत्र में 1,500 गायों को रखा जा रहा है। गायों के सम्मान और उचित देखभाल के लिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उनके लिए कितना क्षेत्र जरूरी है।
गन्नौर में सैटेलाइट सेंटर की मांग
गन्नौर से निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान ने अपनी विधानसभा में सैटेलाइट सेंटर खोलने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पंजाब और हिमाचल में ऐसे सेंटर हैं। हाईवे पर होने वाले हादसों में लोगों की जान चली जाती है, इसलिए गन्नौर में भी सैटेलाइट सेंटर होना जरूरी है।
मंत्री आरती राव ने कहा कि सोनीपत में पहले से मेडिकल कॉलेज है। इसके अलावा हरियाणा में एम्स झज्जर और रेवाड़ी में पहले से हैं। ऐसे में यहां सैटेलाइट सेंटर खोलना संभव नहीं है।
इस पर देवेंद्र कादियान ने कहा कि वह इसके लिए जमीन देने को तैयार हैं और सैटेलाइट सेंटर की जरूरत है। मंत्री ने कहा कि इस मामले को देखा जाएगा।
कोसली में बहुतकनीकी संस्थान खोलने की मांग
कोसली से भाजपा विधायक अनिल कुमार ने कहा कि उनकी विधानसभा में एक भी बहुतकनीकी संस्थान नहीं है। उन्होंने पूछा कि क्या यहां बहुतकनीकी संस्थान खोला जाएगा।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जवाब दिया कि रेवाड़ी में पहले से बहुतकनीकी संस्थान हैं। फिलहाल कोसली में संस्थान खोलने की जरूरत नहीं है और इसके लिए कोई प्रस्ताव भी नहीं है।
असंध अस्पताल के निर्माण में देरी पर सवाल
असंध से भाजपा विधायक योगेंद्र राणा ने अस्पताल के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि अस्पताल का निर्माण कब तक पूरा होगा। इसकी अंतिम तारीख 7 अगस्त 2027 तय है।
योगेंद्र राणा ने अस्पताल का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि असंध से करीब 45 किलोमीटर दूर अस्पताल हैं।
मंत्री आरती राव ने जवाब दिया कि असंध अस्पताल के निर्माण में देरी हुई है। इसकी वजह पहले से संचालित अस्पताल और ग्रैप के कारण आई दिक्कतें हैं। अभी तक अस्पताल का 15 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है।
मंत्री ने बताया कि अस्पताल का निर्माण 10 फरवरी 2028 तक पूरा कर लिया जाएगा।
लोहे के बिजली पोल बदलने का मुद्दा भी उठा
पिहोवा से कांग्रेस विधायक हरमोहिंद्र चट्ठा ने ठसका मिरांजी में बिजली के लोहे के पोल का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लोहे के पोल में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। इसके बावजूद ये पोल अभी तक लगे हुए हैं। उन्होंने पूछा कि इन्हें कब तक बदला जाएगा।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश में जहां भी बिजली के लोहे के पोल लगे हुए हैं, उन्हें बदला जा रहा है। हालांकि, जहां रेल लाइन के पोल हैं, उन्हें नहीं बदला जाएगा। बाकी लोहे के पोल को सीमेंट के पोल से बदला जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि जिस गांव का विधायक ने जिक्र किया है, वहां ऐसा कोई पोल नहीं है। उनके हलके में कुल 107 लोहे के पोल हैं। इनमें 16 रेल लाइन के पोल हैं, जबकि बाकी 91 लोहे के पोल हैं। उन्होंने इन्हें हटाने के निर्देश दिए।
किसानों के फसल मुआवजे का मुद्दा उठा
बाढड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास ने वर्ष 2023 के दौरान क्षतिग्रस्त हुई फसल के मुआवजे का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि किसानों को मुआवजा कब मिलेगा।
मंत्री विपुल गोयल ने जवाब दिया कि वर्ष 2023 का करीब 25 करोड़ रुपए का मुआवजा जारी किया जा चुका है। वर्ष 2024 का मुआवजा भी दिया जा चुका है।
इस पर विधायक उमेद पातुवास ने कहा कि जिन किसानों के सांझे खाते हैं, उन्हें मुआवजा मिलने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की। मंत्री ने जांच कराने का आश्वासन दिया।
नीलोखेड़ी कॉलेज का निर्माण फिर शुरू कराने की तैयारी
प्रश्नकाल में नीलोखेड़ी से भाजपा विधायक भगवानदास ने कॉलेज निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि कॉलेज का निर्माण कार्य कब तक पूरा होगा।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने जवाब दिया कि कॉलेज का निर्माण कार्य 85 प्रतिशत पूरा होने के बाद छोड़ दिया गया था। अब इसके लिए दोबारा टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है।
मंत्री ने कहा कि कल ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि दो माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को काम समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि अधिकारी इसमें लापरवाही बरतते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वित्त वर्ष 2026-27 की अनुपूरक मांगें सदन में होंगी पेश
दूसरे दिन के विधायी कामकाज में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक मांगों की पहली किस्त भी महत्वपूर्ण रहेगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर वित्त मंत्री सदन में नेवा पोर्टल के जरिए अनुपूरक मांगें प्रस्तुत करेंगे।
इसके साथ ही एस्टीमेट कमेटी की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी। गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, लोक निर्माण (PWD) और शहरी स्थानीय निकायों समेत कई प्रमुख विभागों के बजट आवंटन और खर्च की मंजूरी के लिए सदन में चर्चा और वोटिंग होगी।
चुलकाना धाम के लिए नया बोर्ड बनाने का प्रस्ताव
सदन में ‘हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम श्राइन बिल, 2026’ भी पेश किया जाएगा। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम के प्रबंधन के लिए सरकार यह बिल लेकर आएगी।
इसके जरिए तीर्थस्थल के विकास और व्यवस्थाओं को सीधे बोर्ड के अधीन लाने का प्रस्ताव है।
कोर्ट और नगर निगम से जुड़े बिल भी होंगे पेश
सदन में हरियाणा कोर्ट्स (अमेंडमेंट) बिल, 2026, हरियाणा म्यूनिसिपल (अमेंडमेंट) बिल, 2026 और म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (अमेंडमेंट) बिल, 2026 को तुरंत विचार में लेकर पारित कराने का प्रस्ताव है।
इन विधायी कार्यों के साथ विधानसभा के दूसरे दिन की कार्यवाही में सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस की भी तस्वीर साफ होने के आसार हैं।
वॉटर पॉल्यूशन एक्ट को अपनाने का प्रस्ताव
सदन में केंद्रीय जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) संशोधन अधिनियम, 2024 को अपनाने के लिए आधिकारिक रिजॉल्यूशन लाया जाएगा।
इसका उद्देश्य छोटे अपराधों को गैर-आपराधिक बनाकर ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बढ़ावा देना है।
विधानसभा के दूसरे दिन एक ओर जहां कई महत्वपूर्ण विधायी कामकाज और प्रश्नकाल के मुद्दे सामने हैं, वहीं सत्र के पहले दिन हुए विवाद के कारण हुड्डा और सैनी के बीच राजनीतिक टकराव भी चर्चा के केंद्र में बना हुआ है।
Akhil Mahajan