मंत्री अरविंद शर्मा ने खेत में पत्नी संग काटा गेहूं मंडासा बांधकर दरांती उठाई
सोनीपत के गोहाना में सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने पत्नी के साथ खेत में गेहूं की कटाई की और किसानों से बातचीत कर MSP पर खरीद का भरोसा दिया।
■ मंत्री अरविंद शर्मा ने खेत में पत्नी संग काटा गेहूं
■ सिर पर मंडासा, हाथ में दरांती लेकर की लामणी
■ किसानों के साथ बैठकर खाया खाना, MSP पर खरीद का भरोसा
हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र में उस समय अनोखा नजारा देखने को मिला, जब सहकारिता मंत्री Dr. Arvind Sharma अपनी पत्नी Dr. Rita Sharma के साथ खेत में उतरकर गेहूं की कटाई करते नजर आए। मंत्री ने सिर पर मंडासा बांधकर और हाथ में दरांती लेकर खुद खेत में काम किया, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल बन गया।दरअसल, मंत्री अरविंद शर्मा हाल ही में आई आंधी और बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए गांव बिधल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उनका काफिला रजबाहे के पास अजीत नामक किसान के खेत में रुका, जहां उन्होंने खुद खेत में उतरकर स्थिति देखने के साथ-साथ गेहूं की कटाई करने का फैसला किया।
मंत्री और उनकी पत्नी ने खेत में काफी देर तक लामणी (गेहूं कटाई) की और गेहूं की पूली भी बांधी। इस दौरान उन्होंने खेत में काम कर रही महिला मजदूरों और किसान परिवार से बातचीत कर फसल की स्थिति जानी। उन्होंने किसान अजीत की पत्नी ममता द्वारा बनाया गया खाना भी खेत में ही बैठकर खाया और उनके आतिथ्य के लिए आभार जताया।मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि उन्होंने बचपन में अपने पिता के साथ खेतों में काम किया है और आज फिर से वही अनुभव उन्हें मिला। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ने पहली बार लामणी की और उन्हें भी यह अनुभव अच्छा लगा। मंत्री ने कहा कि जिसे मिट्टी और खेती से प्यार होता है, वह खेत में उतरकर काम करने से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करता है।
इस दौरान उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार प्रदेश में हर एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदेगी। उन्होंने कहा कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।इस मौके पर स्थानीय लोग और कई ग्रामीण भी मौजूद रहे, जिन्होंने मंत्री के इस अंदाज की सराहना की और इसे किसानों के प्रति जुड़ाव का प्रतीक बताया।
shubham