सोनीपत में नकाबपोशों ने दुकान में डाला डाका , CCTV में कैद हुए बदमाश
सोनीपत के गांव सनपेडा में नकाबपोश बदमाशों ने परचून की दुकान का ताला तोड़कर 20 हजार नकदी और हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना CCTV में कैद हुई।
- सोनीपत के गांव सनपेडा में परचून की दुकान का ताला तोड़कर चोरी
- 20 हजार नकदी और हजारों रुपये का सामान लेकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश
- पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद, पुलिस जांच में जुटी
सोनीपत के बड़ी थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला गांव सनपेडा से सामने आया है, जहां देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक परचून की दुकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार गांव सनपेडा निवासी सुनील कुमार ने अपने प्लॉट में परचून की दुकान बना रखी है। रोजाना की तरह वह 6 मई की रात करीब 10 बजे दुकान बंद करके अपने घर चला गया था। अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला।
दुकानदार ने जब दुकान के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी गायब थी। चोरी की घटना देखकर दुकानदार के होश उड़ गए। इसके बाद उसने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित दुकानदार के अनुसार चोर दुकान से करीब 20 हजार रुपये की नकदी और लगभग 10 हजार रुपये कीमत की सिगरेट व अन्य सामान चोरी करके ले गए। घटना के बाद दुकानदार ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की, जिसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली।
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक देर रात करीब ढाई बजे दुकान के बाहर आते दिखाई दे रहे हैं। दोनों युवकों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे ताकि उनकी पहचान न हो सके। फुटेज में बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसते और चोरी की वारदात को अंजाम देते साफ नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद दुकानदार ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग उठाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Akhil Mahajan