लोकसभा में सिरसा-हिसार की सड़क सुरक्षा पर गरजी कुमारी सैलजा, गडकरी का भरोसा: मार्च 2026 से अंडरब्रिज निर्माण शुरू
लोकसभा में कुमारी सैलजा ने सिरसा-हिसार क्षेत्र की सड़क सुरक्षा का मुद्दा उठाया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अंडरब्रिज, बाइपास और एनएच-9 सुधार का आश्वासन दिया।
- सिरसा सहित चार जिलों में सड़क सुरक्षा पर सवाल
- एनएच-9 की खामियों को लेकर गडकरी का बड़ा आश्वासन
- मार्च 2026 से अंडरब्रिज निर्माण शुरू होने की घोषणा
लोकसभा में वीरवार को सिरसा से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और डबवाली क्षेत्र से जुड़ी गंभीर सड़क सुरक्षा और अधोसंरचना समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं, तकनीकी खामियों और अधूरे निर्माण कार्यों को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इन सवालों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सदन को अवगत कराया कि साहुवाला प्रथम, ओढ़ां, चोरमार और सावंतखेड़ा में अंडरब्रिज निर्माण कार्य मार्च 2026 से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने सिरसा दक्षिणी बाइपास को लेकर भी सर्वे कराए जाने और उपयोगिता के आधार पर शीघ्र निर्माण की दिशा में कदम उठाने का भरोसा दिलाया।
कुमारी सैलजा ने सवाल किया कि प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग-703 को जोड़ने के लिए सिरसा में दक्षिणी बाइपास बनाने की क्या योजना है और यदि है, तो इसे कब तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने एनएच-9 पर घनी धुंध, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, टूटे डिवाइडर, अवैज्ञानिक कट और अंडरब्रिजों की खराब डिजाइन को लगातार हो रही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताया।
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या इन स्थितियों को गंभीर सुरक्षा विफलता नहीं माना जाना चाहिए और इन्हें सुधारने की समय-सीमा क्या तय की गई है। इसके साथ ही आपातकालीन सेवाओं, प्रकाश व्यवस्था और स्वीकृत अंडरब्रिजों की धीमी प्रगति को लेकर भी सवाल उठाए गए।
मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि एनएच-9 का निर्माण वर्ष 2017 में हुआ था और उसकी मेंटेनेंस अवधि 2022 में समाप्त हो चुकी है। इसके बाद सड़क में तकनीकी कमियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने एक 3-डी तकनीकी वाहन तैयार किया है, जो अगले एक माह में सड़क की खामियों का आकलन कर उन्हें दूर करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
डिंग क्षेत्र में अंडरब्रिज अथवा बाइपास को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि दोनों विकल्पों की डीपीआर तैयार की जा रही है और तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही इंजीनियरिंग सुधार, अवैज्ञानिक कट, डिवाइडर और अंडरब्रिज डिजाइन की खामियों को दुरुस्त करने, आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने और सिरसा शहर के दोनों ओर नई प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
कुमारी सैलजा ने मंत्री के जवाब पर संतोष जताते हुए कहा कि इन निर्णयों से सड़क सुरक्षा मजबूत होगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।
Author1