फिल्मी अंदाज में बदमाशों की कार पीछे दौड़ रही पुलिस गाड़ी से टकराई, शातिर दबोचे
सिरसा के रोड़ी क्षेत्र में बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी टकराई। टक्कर के बाद भागे आरोपी पकड़े गए। नशा केस से जुड़े भगौड़े बताए जा रहे हैं।
- बदमाशों का पीछा करते हुए पुलिस की गाड़ी से टक्कर
- टक्कर के बाद बंद हुई कार, भागते बदमाश मौके पर दबोचे
- घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सिरसा जिले में बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी अचानक बदमाशों की गाड़ी से टकरा गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें पुलिस की गाड़ी बदमाशों का पीछा करती हुई नजर आ रही है। टक्कर लगते ही बदमाशों की गाड़ी बंद हो गई और आरोपी गाड़ी से उतरकर भागने लगे।
हालांकि पुलिस ने बदमाशों को मौके से फरार नहीं होने दिया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भाग रहे बदमाशों को मौके पर ही काबू में ले लिया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए और वहां भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस बदमाशों को अपने साथ लेकर वहां से रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना रोड़ी क्षेत्र के मत्तड़ रोड की बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपी नशा संबंधित मामलों में भगौड़े थे। नारकोटिक्स और रोड़ी पुलिस की टीम उन्हें पकड़ने के लिए काफी समय से पीछा कर रही थी, जबकि आरोपी पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहे थे।
बताया गया है कि रोड़ी पहुंचने पर मेन रोड पर वाहनों की आवाजाही अधिक थी। बदमाशों को गाड़ी भगाने के लिए रास्ता नहीं मिला। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी पीछे से बदमाशों की गाड़ी से टकरा गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को भी चोट नहीं आई।
यह मामला करीब 10 से 15 दिन पुराना बताया जा रहा है। अब इसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर जब रोड़ी पुलिस से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है।
उधर सिरसा और डबवाली पुलिस पिछले कुछ दिनों से भगोड़ों को पकड़ने और नशा तस्करों पर लगाम कसने के लिए अभियान चला रही है। पुलिस का दावा है कि हर रोज दो से तीन तस्कर या भगौड़े गिरफ्तार किए जा रहे हैं, जिससे अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।
Author1