दीवार गिरने से ढहा मकान, मलबे में दबे 3 मजदूर, एक की मौत, दो घायल
सिरसा के गुडियाखेड़ा गांव में जैक से मकान ऊंचा उठाते समय दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत और दो घायल हुए।
- सिरसा में जैक से मकान उठाते समय बड़ा हादसा
- दीवार गिरने से मलबे में दबे 3 मजदूर, एक की मौत
- 6 दिन से चल रहा था मकान को ऊंचा उठाने का काम
हरियाणा के सिरसा जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव गुडियाखेड़ा में जैक की मदद से मकान को ऊंचा उठाने के दौरान अचानक दीवार गिर गई, जिससे पूरा मकान ढह गया। हादसे में तीन मजदूर मलबे में दब गए। इनमें एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और पुलिस टीम पहुंच गई। आसपास के ग्रामीण भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए। हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे से छह बजे के बीच हुआ।
जानकारी के अनुसार हादसा नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव गुडियाखेड़ा में हुआ। मकान गांव निवासी आत्माराम का बताया जा रहा है, जो गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में बना हुआ था। इलाके में अधिक नमी होने के कारण मकान नीचे धंस रहा था। इसी वजह से मकान को जैक की सहायता से ऊंचा उठाकर भरती करवाने का काम चल रहा था।
मकान को ऊंचा उठाने का ठेका किसान आत्माराम ने ठेकेदार अशोक कुमार को दिया था। करीब छह दिन से ठेकेदार अपनी टीम के साथ मकान के नीचे जैक लगाकर उसे ऊपर उठाने का काम कर रहा था।
घटना के समय ठेकेदार समेत चार मजदूर काम में लगे हुए थे। इनमें से तीन मजदूर मकान के अंदर की तरफ जैक से उठाने का काम कर रहे थे। तभी अचानक मकान की एक साइड की दीवार भरभराकर गिर गई और पूरा ढांचा ढह गया।
दीवार गिरते ही अंदर काम कर रहे तीनों मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और अन्य लोगों ने तुरंत जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों को बाहर निकाला गया।
हादसे में मनोज कुमार नामक मजदूर की मौत हो गई। वहीं घायल मजदूरों विकी और सिद्धार्थ को अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों को पहले सिरसा अस्पताल लाया गया, जहां से एक मजदूर की हालत गंभीर होने पर उसे हिसार रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि मृतक और घायल मजदूर उत्तर प्रदेश के रायपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। मजदूर वनीत कुमार ने बताया कि जैक से मकान उठाने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
नाथूसरी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि यह इलाका सेम प्रभावित है और मकान की हालत भी ठीक नहीं थी। मकान को जैक से उठाते समय यह हादसा हुआ, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan