लोकभवन के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन,राहुल की हिरासत पर भड़के सीएम सुक्खू,कल पूरे प्रदेश में प्रदर्शन
राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में हिमाचल कांग्रेस ने शिमला में लोकभवन के बाहर प्रदर्शन किया। सीएम सुक्खू ने केंद्र पर लोकतंत्र दबाने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में शिमला में लोकभवन के बाहर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
➤ सीएम सुक्खू और प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार समेत कई नेता हुए शामिल, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
➤ कांग्रेस की चेतावनी- आवाज दबाई गई तो पूरे हिमाचल में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे
दिल्ली पुलिस द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को शिमला में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकभवन के बाहर धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, कई कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
सुक्खू बोले- वोट चोरी करके सत्ता हासिल की जा रही
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी करके सत्ता हासिल की जा रही है और देश में लोकतंत्र की सरेआम हत्या की जा रही है।
सीएम सुक्खू ने कहा कि देश के संविधान, असहमति और जनता की आवाज को दबाने का कुचक्र चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे और पोते राहुल गांधी को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की आवाज बनकर सरकार से जवाब मांगने वाले नेताओं को जबरन हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवाज दबाने से जनता के सवाल खत्म नहीं होंगे।
सुक्खू की चेतावनी- कल पूरे प्रदेश में होगा प्रदर्शन
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि लोकभवन के बाहर किया गया प्रदर्शन फिलहाल सांकेतिक प्रदर्शन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तानाशाही रवैया नहीं बदला गया तो कल पूरे प्रदेश में जोरदार प्रदर्शन किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जो लोग जनता की आवाज बनकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं, उन्हें हिरासत में लिया जा रहा है। सुक्खू ने दो टूक कहा कि ऐसी सरकार ने नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का अधिकार पूरी तरह खो दिया है।
उन्होंने कहा कि जनता इस ज्यादती का हिसाब जरूर लेगी।
SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन से जुड़ा विवाद
राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं की हिरासत का पूरा विवाद वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया और चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन से जुड़ा है।
मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मतदाता सूची में पारदर्शिता की मांग को लेकर संसद से निर्वाचन सदन तक मार्च निकाला था। इस दौरान करीब आठ घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया था।
कांग्रेस का मुख्य आरोप है कि SIR प्रक्रिया के नाम पर वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। पार्टी इसी मुद्दे को लेकर लगातार विरोध कर रही है और अलग-अलग स्तर पर आंदोलन चला रही है।
कांग्रेस ने पूरे हिमाचल में आंदोलन की दी चेतावनी
शिमला में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने साफ किया कि राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई को पार्टी चुपचाप स्वीकार नहीं करेगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज को दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि लोकतंत्र की आवाज दबाने और विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा, तो कल पूरे हिमाचल प्रदेश में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे।
Akhil Mahajan