समालखा में चला नशा मुक्ति अभियान, पुलिस ने घर-घर जाकर किया जागरूक
समालखा के बिहोली गांव में पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया। एएसआई जगपाल सिंह ने कहा कि नशा समाज को खोखला करता है और युवाओं को सही दिशा देना जरूरी है।
➤ समालखा के बिहोली गांव में चला नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
➤ पुलिस टीम ने घर-घर जाकर दी नशे के दुष्परिणामों की जानकारी
➤ एएसआई जगपाल सिंह ने कहा नशा समाज को खोखला कर देता है
समालखा, अशोक शर्मा
नशा मुक्ति अभियान के तहत शनिवार को बिहोली गांव में पुलिस टीम ने एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से बातचीत की और सड़क पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को रोक कर नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी।
नशा मुक्ति अभियान के प्रभारी जगपाल सिंह ने बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज का दुश्मन है। उन्होंने कहा कि नशे की लत से व्यक्ति की सेहत, आर्थिक स्थिति और सामाजिक सम्मान तीनों नष्ट हो जाते हैं।
जगपाल सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन को शिक्षा, खेल और संस्कारों से जोड़ें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें नशे के खिलाफ मिलकर लड़ने का संकल्प लिया गया।
एएसआई जागपाल सिंह ने कहा कि पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर नियंत्रण संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अगर किसी व्यक्ति को नशा करते या बेचते देखा जाए तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम में गांव के कई सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में कहा कि वे नशे के खिलाफ यह जंग जारी रखेंगे।
Akhil Mahajan