रोहतक के बनियानी में बाइक हटाने के विवाद में युवक की मौत
रोहतक के कलानौर खंड के गांव बनियानी में बाइक हटाने को लेकर हुए झगड़े में घायल युवक विक्रम उर्फ कल्लू की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह दो पक्षों के बीच बीच-बचाव करा रहा था। पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ फाग के दिन रास्ते से बाइक हटाने की कहने पर दो पक्षों में हुआ झगड़ा
■ बीच-बचाव कराने पहुंचे विक्रम उर्फ कल्लू पर भी लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से हमला
■ इलाज के दौरान युवक की मौत, 11 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
रोहतक जिले के कलानौर खंड के गांव बनियानी में फाग के दिन शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। रास्ते से बाइक हटाने को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिसमें बीच-बचाव कराने पहुंचे विक्रम उर्फ कल्लू (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया था, जहां वीरवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई है।
मामले में गांव के युवक साहिल की शिकायत पर पुलिस ने निशांत और उसके परिजनों सहित कुल 11 लोगों के खिलाफ झगड़ा, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को दी शिकायत में साहिल ने बताया कि 4 मार्च को फाग के दिन वह अपने साथी सतीश के साथ बाइक पर पटवापुर की ओर से होली खेलकर गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही युवक निशांत ने अपनी बाइक सड़क के बीच खड़ी कर रखी थी। जब उन्होंने बाइक हटाने को कहा तो निशांत ने गाली-गलौच शुरू कर दी।
साहिल के मुताबिक कुछ ही देर में निशांत के माता-पिता और सात-आठ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों का रास्ता रोककर लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस दौरान गांव के ही बंटी उर्फ मोटी और विक्रम उर्फ कल्लू वहां पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव करने लगे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
हमले में कई लोग घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया और घायलों को तुरंत पीजीआई रोहतक पहुंचाया गया। वहीं पुलिस को भी सूचना दी गई, जिसके बाद साहिल के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई।
पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में अशोक को दो जगह, मोंटी को पांच और विक्रम उर्फ कल्लू को छह जगह गंभीर चोटें लगी थीं। डॉक्टरों ने कल्लू की हालत गंभीर देखते हुए उसे बयान देने के लिए अनफिट घोषित कर दिया था। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में कलानौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतपाल ने बताया कि फाग के दिन दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें कुछ युवक घायल हुए थे। इलाज के दौरान विक्रम उर्फ कल्लू की मौत हो गई है। पुलिस मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Akhil Mahajan