हरियाणा में सावन ह*त्याकांड के बाद परिवार को जान का खतरा, SP से मांगी सुरक्षा

रोहतक के सावन हत्याकांड में परिवार ने जान का खतरा बताते हुए एसपी से सुरक्षा मांगी। परिजनों ने आरोपियों पर झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाया।

हरियाणा में सावन ह*त्याकांड के बाद परिवार को जान का खतरा, SP से मांगी सुरक्षा

सावन हत्याकांड के बाद परिवार ने एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई

परिजनों का आरोप- आरोपी झूठे केस में फंसाने का बना रहे दबाव

परिवार ने आरोपियों पर नशे का कारोबार करने का भी लगाया आरोप

रोहतक: पाडा मोहल्ला निवासी 27 वर्षीय सावन की चाकू मारकर हत्या के मामले में अब उसके परिवार ने अपनी जान को खतरा बताया है। मृतक के परिजन रोहतक के एसपी ऑफिस पहुंचे और सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिवार का आरोप है कि सावन हत्याकांड में नामजद आरोपी लगातार उन पर दबाव बना रहे हैं और उन्हें झूठे केस में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।

24 जनवरी को चाकू मारकर की गई थी सावन की हत्या

पाडा मोहल्ला में 24 जनवरी 2026 को सावन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुरानी सब्जी मंडी थाना में आशु, शिवम, रविंद्र, सुरेंद्र, बिजेंद्र, चांद, निहाल, शंकर, रितिक, नवीन, फाटा, दीपक, चिराग, अभिषेक सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज है।

मृतक के परिवार का कहना है कि इस मामले के बाद से ही आरोपी उन पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी वजह से परिवार ने अब पुलिस अधीक्षक के सामने अपनी सुरक्षा का मुद्दा उठाया है।

पिता का आरोप- झूठा केस दर्ज करवाने की कोशिश कर रहे आरोपी

मृतक सावन के पिता सुभाष ने आरोप लगाया कि आरोपियों की तरफ से उनके परिवार के खिलाफ झूठा केस दर्ज करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि आरोपियों की लड़ाई किसी अन्य व्यक्ति के साथ है, लेकिन उसमें उनके परिवार को घसीटने की कोशिश की जा रही है।

सुभाष के अनुसार, सावन के मर्डर केस में उनके भाई और भतीजे का नाम भी शामिल करवाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और उन्हें सुरक्षा देने की मांग की है।

सावन मर्डर केस को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप

सुभाष ने आरोप लगाया कि आरोपियों की ओर से सावन मर्डर केस को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के लोगों ने समय पर सबूत नहीं दिए होते तो आरोपियों की तरफ से अब तक उनके खिलाफ भी केस दर्ज करवा दिया गया होता।

परिवार ने मामले में मौजूद सीसीटीवी फुटेज का भी हवाला दिया। सुभाष का आरोप है कि आरोपी सुरेंद्र के हाथ में भाला था, लेकिन उसे डंडा बताया जा रहा है। उनका कहना है कि सीसीटीवी में यह बात साफ दिखाई दे रही है।

परिजनों ने आरोपियों पर नशे का कारोबार करने का भी आरोप लगाया

सुभाष ने सावन की हत्या के आरोपियों पर नशे का कारोबार करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि पूरा मोहल्ला इन लोगों से परेशान है। सुभाष के अनुसार, पहले भी आरोपियों के खिलाफ नशा बेचने का केस दर्ज है।

उन्होंने कहा कि मोहल्ले के लोग डर के कारण खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि सावन हत्याकांड में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

परिजनों का कहना है कि सावन की हत्या के मामले में पहले से दर्ज केस की जांच के साथ-साथ उन पर बनाए जा रहे कथित दबाव और झूठे केस में फंसाने के प्रयास की भी जांच होनी चाहिए।