अयोध्या में आज फहरेगी रामलला की धर्मध्वजा, PM मोदी करेंगे ध्वजारोहण, 161 फीट ऊंचे दंड पर 21 किलो सोना, जानें और क्‍या है खास

अयोध्या में आज PM मोदी रामलला के मंदिर पर 161 फीट ऊंचे दंड पर सोने-मढ़ी धर्मध्वजा फहराएंगे। अभिजीत मुहूर्त में कार्यक्रम, 7 हजार मेहमान होंगे शामिल।

अयोध्या में आज फहरेगी रामलला की धर्मध्वजा, PM मोदी करेंगे ध्वजारोहण,  161 फीट ऊंचे दंड पर 21 किलो सोना, जानें और क्‍या है खास
  • PM मोदी आज राम मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा फहराएंगे

  • 161 फीट ऊंचे दंड पर 21 किलो सोना मढ़ा, ध्वजा अभिजीत मुहूर्त में फहरेगी

  • 7 हजार से अधिक मेहमान मौजूद, शहर 1000 क्विंटल फूलों से सजा



अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 673 दिन पूरे होने के बाद आज राम मंदिर के इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12:30 बजे अभिजीत मुहूर्त में राम मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा फहराएंगे। इसके लिए बनाए गए विशेष यांत्रिक सिस्टम से PM मोदी के बटन दबाते ही दो किलो की केसरिया ध्वजा 161 फीट ऊंचे शिखर पर लहराएगी। इस ध्वजारोहण के साथ राम मंदिर को पूर्ण माना जाएगा। कार्यक्रम में लगभग 7 हजार लोग मौजूद रहेंगे।

रामलला की सुबह की आरती की गई।

धर्मध्वजा जिस दंड पर स्थापित की जाएगी, वह पूरी तरह वैज्ञानिक और पारंपरिक तकनीक से बनाया गया है। दंड पर 21 किलो सोना मढ़ा गया है, जो इसे हर मौसम में सुरक्षित रखेगा। मंदिर की ध्वजा भयंकर तूफान में भी स्थिर रहेगी और हवा की दिशा बदलने पर बिना उलझे सहजता से पलट जाएगी। यह ध्वजा लगभग 4 किलोमीटर दूर से दिखाई देगी

राम मंदिर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आम और VIP दर्शन रोक दिए गए हैं।

ध्वजारोहण से पहले PM मोदी 1.5 किमी लंबे भव्य रोड शो में शामिल होंगे। रोड शो साकेत कॉलेज से शुरू होकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर तक पहुंचेगा। इसके लिए 1 किमी लंबे रामपथ को 8 जोन में बांटा गया है। हर जोन में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पारंपरिक थाली, आरती और फूल-मालाओं के साथ प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगी।

अयोध्या को इस आयोजन के लिए 1000 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। शहर के हर मुख्य मार्ग पर फूलों की सजावट और पारंपरिक दीपों के बीच आकर्षक लाइटिंग की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संघ प्रमुख मोहन भागवत सोमवार को ही अयोध्या पहुंच चुके हैं। आयोजन में उद्योग जगत, साहित्य, खेल और बॉलीवुड के लगभग 1 हजार VVIP मेहमान शामिल होंगे।

राम मंदिर निर्माण में 2 करोड़ से अधिक दान देने वाले लगभग 100 दानदाताओं को भी विशेष निमंत्रण भेजा गया है। जबकि चारों शंकराचार्यों और अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद को निमंत्रण नहीं मिला। प्रसाद ने कहा कि यदि उन्हें बुलाया जाता तो वे “नंगे पैर दौड़कर जाते।”