PWL में हरियाणा के पहलवानों का जलवा, अमन-अंतिम सबसे महंगे

प्रो रेसलिंग लीग 2026 की नीलामी में हरियाणा के दिग्गज पहलवान छाए। अमन सहरावत और अंतिम पंघाल सबसे महंगे बिके। लीग 15 जनवरी से शुरू होगी।

PWL में हरियाणा के पहलवानों का जलवा, अमन-अंतिम सबसे महंगे

PWL में हरियाणा के दिग्गज पहलवान दिखाएंगे दम, नीलामी में अमन-अंतिम बने सबसे महंगे
दिल्ली में जारी ऑक्शन में देश-विदेश के 250 से ज्यादा पहलवान शामिल
15 जनवरी से शुरू होगी प्रो रेसलिंग लीग, 6 फ्रेंचाइजी ले रहीं हिस्सा


दिल्ली। हरियाणा की मिट्टी में तैयार हुए दिग्गज पहलवान एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपना दमखम दिखाने को तैयार हैं। लंबे अंतराल के बाद शुरू हो रही प्रो रेसलिंग लीग (PWL) में इस बार हरियाणा के नामी पहलवानों की मजबूत मौजूदगी देखने को मिल रही है। दिल्ली में जारी खिलाड़ियों की नीलामी में ओलंपिक और विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन कर चुके पहलवानों पर टीमों ने जमकर दांव लगाए।

नीलामी पूल में देश-विदेश के शीर्ष पहलवान शामिल किए गए हैं। इनमें पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत और भारत की सबसे कम उम्र की ओलंपियन व दो बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता अंतिम पंघाल सबसे बड़े आकर्षण रहे। वहीं विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता और पूर्व राष्ट्रमंडल खेल चैंपियन दीपक पुनिया को भी ए श्रेणी में शामिल किया गया है।

दिल्ली में चल रही PWL नीलामी में ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अमन सहरावत को टाइगर मुंबई दंगल ने 51 लाख रुपये में खरीदा। वहीं हरियाणा के हांसी जिले की रहने वाली अंतिम पंघाल ने नीलामी में सबसे ऊंची बोली हासिल की। उन्हें यूपी डोमीनेटर्स ने 52 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। इस तरह अंतिम पंघाल की कीमत अमन सहरावत से एक लाख रुपये अधिक रही।

अंतिम पंघाल 53 किलोग्राम भार वर्ग में कुश्ती लड़ती हैं और वे दो बार विश्व चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी हैं। वहीं झज्जर जिले के रहने वाले अमन सहरावत 57 किलोग्राम वर्ग में मुकाबला करते हैं। दोनों पहलवान A+ कैटेगरी में शामिल हैं, जिनकी बेस प्राइस 18 लाख रुपये तय की गई थी।

इस बार PWL ऑक्शन में कुल 6 फ्रेंचाइजी हिस्सा ले रही हैं। लीग के पांचवें सीजन के लिए होने वाली नीलामी में 250 से अधिक पहलवानों पर बोली लगाई जा रही है। खिलाड़ियों को ए प्लस, ए, बी और सी चार श्रेणियों में बांटा गया है। ए प्लस श्रेणी का आधार मूल्य 18 लाख, ए श्रेणी का 12 लाख, बी श्रेणी का 8 लाख और सी श्रेणी का 3 लाख रुपये तय किया गया है।

लीग के मुकाबले 9 भार वर्गों में खेले जाएंगे, जिनमें 5 पुरुष और 4 महिला वर्ग शामिल हैं। प्रत्येक टीम को न्यूनतम 9 और अधिकतम 12 पहलवानों की टीम बनानी होगी। टीम में 5 पुरुष और 4 महिला पहलवान अनिवार्य होंगे। इसके साथ ही हर टीम में 4 विदेशी पहलवान, जिनमें 2 पुरुष और 2 महिला, शामिल करना जरूरी किया गया है।

युवा प्रतिभाओं को मौका देने के उद्देश्य से हर टीम में कम से कम एक सी श्रेणी के पहलवान को शामिल करना भी अनिवार्य किया गया है। प्रो रेसलिंग लीग 2026 का आयोजन 15 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक किया जाएगा, जिसमें देश और विदेश के शीर्ष पहलवानों के बीच कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।