PU कैंपस में करंट से पीएचडी स्कॉलर की मौ*त, अगले महीने थी शादी

चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट लगने से रेवाड़ी की पीएचडी स्कॉलर ज्योति की मौत हो गई। घटना के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और जांच की मांग उठाई।

PU कैंपस में करंट से पीएचडी स्कॉलर की मौ*त, अगले महीने थी शादी
  • चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी में करंट लगने से पीएचडी स्कॉलर ज्योति की मौत, अगले महीने होनी थी शादी
  • बारिश के बीच हॉस्टल से विभाग जाते समय हादसा, कैंपस की बिजली व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
  • छात्रों ने VC कार्यालय का घेराव किया, जांच कमेटी गठित करने का आश्वासन

चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पीएचडी स्कॉलर ज्योति (28) की संदिग्ध रूप से करंट लगने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में हादसे की वजह बारिश के दौरान फैले बिजली के करंट को माना जा रहा है। घटना के बाद पूरे कैंपस में आक्रोश फैल गया और छात्रों ने वाइस चांसलर (VC) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।

करंट लगने के बाद छात्रा (लाल घेरे में) जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद दूसरे स्टूडेंट्स ने उसे बचाने की कोशिश की। इनसेट में छात्रा ज्योति का फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

मृतका हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली थीं और माइक्रोबायोलॉजी विभाग में पीएचडी कर रही थीं। वह गर्ल्स हॉस्टल-10 से अपने विभाग जा रही थीं। इसी दौरान गर्ल्स हॉस्टल-8 और UIET के बीच बने कच्चे रास्ते पर अचानक गिर गईं। आसपास मौजूद छात्रों ने उन्हें उठाने की कोशिश की, तब पता चला कि वहां करंट फैला हुआ है।

छात्रों और यूनिवर्सिटी कर्मचारियों की मदद से ज्योति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अगले महीने उनकी शादी तय थी। इस खबर से परिवार और विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।

जहां छात्रा की करंट लगने से मौत हुई, वहां बारिश के बाद इस तरह से पानी भरा हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शी छात्रों का कहना है कि बारिश के कारण सड़क किनारे पानी जमा था और संभवतः बिजली के खंभे या स्ट्रीट लाइट में शॉर्ट सर्किट होने से पानी में करंट फैल गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि करंट का स्रोत क्या था। चंडीगढ़ पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

VC के ऑफिस का घेराव करते स्टूडेंट्स, यहां पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई है।

घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) समेत बड़ी संख्या में छात्र मौके पर एकत्र हो गए और VC कार्यालय का घेराव कर दिया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था और बिजली सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि बारिश के मौसम में विद्युत व्यवस्था की नियमित जांच नहीं की जाती, जिससे छात्रों की जान खतरे में पड़ रही है।

छात्रा की मौत से गुस्साए स्टूडेंट्स VC ऑफिस के घेराव के लिए गेट पर चढ़ गए। सिक्याेरिटी गार्ड्स ने इस गेट को बंद कर दिया है।

प्रदर्शन के बीच वाइस चांसलर प्रो. रेणु विज छात्रों से मिलने पहुंचीं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जांच कमेटी गठित करने और जिम्मेदार लोगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बावजूद छात्र ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

पंजाब यूनिवर्सिटी की VC रेणू विज ने स्टूडेंट्स से आकर बात की।

छात्रों ने पूरे पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस का सेफ्टी ऑडिट कराने, बिजली के खंभों, स्ट्रीट लाइटों और खुले तारों की तत्काल जांच कराने तथा भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग उठाई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।