उज्बेकिस्तान ने PM मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, ‘ओली दाराजली दोस्लिक’ से सम्मानित
पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान ओली दाराजली दोस्लिक मिला। दोनों देशों में यूरेनियम सप्लाई और 5 अरब डॉलर व्यापार लक्ष्य पर बातचीत हुई।
➤ PM मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, मिला 36वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान
➤ मोदी-शावकत के बीच यूरेनियम सप्लाई समेत कई मुद्दों पर बातचीत, 2030 तक 5 अरब डॉलर व्यापार का लक्ष्य
➤ 31 अगस्त को किर्गिस्तान जाएंगे मोदी, SCO समिट में सुरक्षा, आतंकवाद, व्यापार और आर्थिक सहयोग पर चर्चा
उज्बेकिस्तान के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रविवार को राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने अपने देश के सर्वोच्च राज्य सम्मान ‘ओली दाराजली दोस्लिक’ से सम्मानित किया। उज्बेक भाषा के इस शब्द का मतलब उच्च स्तरीय मित्रता है। यह पीएम मोदी को मिला 36वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
पीएम मोदी रविवार सुबह ताशकंद में आयोजित एक योग सेशन में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं के बीच भारत और उज्बेकिस्तान के संबंधों के साथ कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई।
मोदी-शावकत की द्विपक्षीय बैठक में यूरेनियम सप्लाई पर चर्चा
ताशकंद में पीएम मोदी और राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक में भारत-उज्बेकिस्तान के बीच यूरेनियम सप्लाई पर चर्चा हुई।
दोनों देशों ने 2030 तक सालाना द्विपक्षीय व्यापार को 5 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। अभी दोनों देशों के बीच व्यापार 1 अरब डॉलर से ज्यादा है। बैठक के बाद पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित किया।
पीएम मोदी के संबोधन की 4 बड़ी बातें
- दोनों देश रक्षा क्षेत्र में सीधा सहयोग, मिलकर हथियारों का उत्पादन और नई तकनीक विकसित करेंगे।
- आतंकवाद, उग्रवाद और अलगाववाद को दोनों देश क्षेत्र के लिए गंभीर खतरा मानते हैं।
- इन खतरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रखने पर दोनों की सहमति है।
- भारत और उज्बेकिस्तान के रिश्तों की मजबूत नींव साझी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत है।
मोदी का उज्बेकिस्तान दौरा: दूसरे दिन की 5 तस्वीरें
राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने किया पीएम मोदी का स्वागत
राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके बाद दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत शुरू हुई।
यूरेनियम सप्लाई समेत कई मुद्दों पर बातचीत
मोदी और शावकत मिर्जियोयेव के बीच यूरेनियम सप्लाई समेत कई मुद्दों पर बातचीत हुई।
ताशकंद में योग सेशन में शामिल हुए पीएम मोदी
पीएम मोदी ने ताशकंद में योग फेडरेशन ऑफ उज्बेकिस्तान की ओर से आयोजित योग सत्र में हिस्सा लिया।
योग सेशन में शख्स को बताया योग करने का सही तरीका
पीएम मोदी ने योग सेशन के दौरान एक शख्स को योग करने का सही तरीका बताया।
योग सेशन के बाद सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड किया
पीएम मोदी ने योग सेशन के बाद पार्टिसिपेंट के साथ एक सेल्फी वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
29 अगस्त को उज्बेकिस्तान पहुंचे थे पीएम मोदी
ताशकंद में पीएम नरेंद्र मोदी भारतीय समुदाय के लोगों से मिले। इस दौरान कुछ महिलाओं ने पीएम मोदी की कलाई पर राखी बांधी।
पीएम मोदी को एयरपोर्ट पर गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पीएम मोदी ताशकंद एयरपोर्ट से राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ एक ही कार में बैठकर निकले।
मोदी उज्बेकिस्तान के सबसे मशहूर यांगी उज्बेकिस्तान पार्क पहुंचे। उन्होंने स्मारक स्तंभ के बाहर तस्वीर खिंचवाई।
31 अगस्त को किर्गिस्तान जाएंगे पीएम मोदी, SCO समिट में होंगे शामिल
उज्बेकिस्तान दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर तक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में रहेंगे। यहां वे SCO की 26वीं समिट में हिस्सा लेंगे।
भारत 2017 से SCO का पूर्ण सदस्य है। समिट में सुरक्षा, आतंकवाद, व्यापार, कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
समिट के दौरान मोदी की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अन्य देशों के नेताओं से मुलाकात हो सकती है।
मोदी बिश्केक में होने वाले 6वें वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे।
किर्गिस्तान में PM मोदी के लिए बनेगा गुजराती खाना
किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में गांधी रेस्टोरेंट के हेड शेफ चिन्मय बडोदेकर ने बताया कि PM मोदी का स्वागत करते हुए उनके लिए घर जैसा ताजा गुजराती खाना तैयार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाश्ते में पोहा, उपमा और इडली-सांभर रखा जाएगा। लंच में थेपला, दाल-चावल और गुजराती सब्जियां परोसी जाएंगी। वहीं डिनर में PM मोदी के लिए खिचड़ी-कढ़ी बनाई जाएगी।
भारत के लिए क्यों अहम है यह दौरा
1. खनिजों का भंडार
भारत लंबे समय से मध्य एशिया के देशों के साथ अपने रिश्ते मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। मध्य एशिया तेल, गैस, यूरेनियम और अन्य महत्वपूर्ण खनिजों का बड़ा भंडार है।
2. ऊर्जा जरूरत
भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए इस क्षेत्र के देशों के साथ सहयोग बढ़ाना चाहता है।
3. नए बिजनेस रूट
भारत मध्य एशिया के देशों के साथ व्यापार भी बढ़ाना चाहता है। इसके लिए वह नए व्यापार और परिवहन मार्ग विकसित करने पर काम कर रहा है।
4. आतंकवाद के खिलाफ मुहिम
अफगानिस्तान की स्थिति और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर भी भारत इन देशों के साथ सहयोग बढ़ा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 3 उज्बेकिस्तान दौरे
2015
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी पहली बार उज्बेकिस्तान पहुंचे थे। इस दौरे में दोनों देशों ने व्यापार, ऊर्जा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया था।
2016
मोदी ताशकंद में SCO समिट में शामिल हुए थे। इसी सम्मेलन के दौरान भारत को संगठन की पूर्ण सदस्यता देने की प्रक्रिया आगे बढ़ी थी। भारत 2017 में SCO का पूर्ण सदस्य बना।
2022
मोदी समरकंद में SCO समिट में शामिल हुए थे। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच उन्होंने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से कहा था, ‘आज का युग युद्ध का नहीं है।’ उनका यह बयान दुनियाभर में चर्चा का विषय बना था।
SCO के बारे में जानिए, 2001 में हुई थी स्थापना
शंघाई सहयोग संगठन (SCO) एक क्षेत्रीय अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसकी स्थापना 2001 में चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गीजस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान ने मिलकर की थी। बाद में भारत और पाकिस्तान 2017 में इससे जुड़े। 2023 में ईरान भी इसका सदस्य बना।
SCO का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सुरक्षा, आर्थिक और राजनीतिक सहयोग को बढ़ाना है। संगठन आतंकवाद, उग्रवाद, ड्रग तस्करी और साइबर अपराध जैसे मुद्दों पर साझा रणनीति बनाता है।
उज्बेकिस्तान में पीएम मोदी को महिलाओं ने राखी बांधी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने उनका स्वागत किया। दोनों नेता एक ही कार में एयरपोर्ट से होटल पहुंचे।
पीएम मोदी ने यहां भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की। इस दौरान महिलाओं ने उनकी कलाई पर राखी बांधी।
चार साल बाद सेंट्रल एशिया के दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी उज्बेकिस्तान में दो दिन रहेंगे। वे राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
Akhil Mahajan