पानीपत में लकड़ी कारोबारी का अपहरण, दोस्त ने फोन कर घर से बुलाया
पानीपत के मतलौडा में लकड़ी कारोबारी का कथित अपहरण कर लिया गया। कारोबारी ने परिजनों को फोन कर सोनीपत में होने और मारपीट किए जाने की जानकारी दी। पुलिस जांच में जुटी है।
पानीपत में लकड़ी कारोबारी का घर के बाहर से फिल्मी स्टाइल में अपहरण
दोस्त ने फोन कर बुलाया, 5 बदमाश स्कॉर्पियो में डालकर ले गए
कारोबारी ने परिजनों को फोन कर बताया- सोनीपत में हूं, पूरी रात मारपीट की
हरियाणा के पानीपत जिले के मतलौडा क्षेत्र में गुरुवार रात एक लकड़ी कारोबारी का घर के बाहर से कथित तौर पर फिल्मी स्टाइल में अपहरण कर लिया गया। अपहृत कारोबारी की पहचान 35 वर्षीय दिलावर के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता है। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता माने जा रहे कारोबारी के दोस्त को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों और कारोबारी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, गांव थिराना निवासी दिलावर गुरुवार रात करीब 9 बजे अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान इसराना निवासी उसके एक दोस्त का फोन आया। दोस्त ने जरूरी बात करने का बहाना बनाकर उसे घर के बाहर सड़क पर बुलाया।
परिजनों के मुताबिक, जैसे ही दिलावर बाहर पहुंचा तो वहां पहले से सफेद रंग की स्कॉर्पियो खड़ी थी। गाड़ी में उसका दोस्त और चार अन्य युवक बैठे थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर दिलावर को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया और मौके से फरार हो गए।
घटना को पास में खड़े एक परिचित ने देख लिया। उसने तुरंत दिलावर के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने मतलौडा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और एसपी के निर्देश पर सीआईए व स्थानीय पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गईं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उस दोस्त को हिरासत में ले लिया, जिसने दिलावर को फोन कर घर के बाहर बुलाया था। हालांकि अन्य आरोपी और अपहृत कारोबारी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दिलावर ने एक अज्ञात नंबर से अपने परिजनों को फोन किया। उसने बताया कि वह सोनीपत में है। दिलावर के अनुसार, बदमाशों की स्कॉर्पियो का ईंधन खत्म होने के कारण वे रुके हुए हैं। उसने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसे पूरी रात अलग-अलग जगह घुमाया और उसके साथ मारपीट की।
दिलावर का फोन आते ही परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने कॉल की लोकेशन ट्रेस की, जो प्रारंभिक तौर पर सोनीपत क्षेत्र की मिली। इसके बाद पानीपत पुलिस की विशेष टीमें सोनीपत के लिए रवाना हो गईं।
पुलिस का कहना है कि कारोबारी को सुरक्षित बरामद करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही मामले में पुरानी रंजिश और लेन-देन समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
pooja