नूंह में महिला के साथ क्रूरता की हदें पार: जूस में नशा देकर पीटा, बाल काटे; आधी रात सुनसान जगह छोड़ गया पति
हरियाणा के नूंह में महिला को जूस में नशीला पदार्थ देकर पीटने और सिर के बाल काटने का मामला सामने आया है। घायल महिला का इलाज नलहड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। परिजनों ने पति पर कई बार जबरन अबॉर्शन कराने का भी आरोप लगाया है।
■ नूंह में महिला से बर्बरता, पति ने मारपीट कर सिर के बाल काटे
■ महिला का आरोप- जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर किया बेहोश
■ आधी रात मायके के पास सुनसान जगह छोड़कर फरार हुआ पति
हरियाणा के नूंह जिले में एक महिला के साथ क्रूरता और घरेलू हिंसा का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पति और ससुरालवालों ने पहले महिला को जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद उसकी बुरी तरह पिटाई की गई और उसके सिर के बाल काट दिए गए। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद उसे आधी रात मायके के पास सुनसान जगह पर छोड़कर पति फरार हो गया। घायल महिला का इलाज फिलहाल नलहड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पीड़ित महिला की पहचान उस्मानी (38) के रूप में हुई है, जो नूंह के बिछोर गांव की रहने वाली है। उसकी शादी करीब 20 साल पहले पलवल जिले के बीबीपुर गांव निवासी सद्दाम के साथ हुई थी। महिला के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और पति अक्सर मारपीट करता था।
परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से महिला करीब एक महीने से मायके में रह रही थी। विवाद सुलझाने के लिए 6 मार्च को हथीन थाना परिसर में पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। पंचायत में यह तय हुआ कि आगे से कोई झगड़ा या मारपीट नहीं होगी। इसके बाद उस्मानी उसी दिन अपने ससुराल बीबीपुर गांव लौट गई थी।
महिला का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद उसी रात उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। जूस पीने के कुछ ही देर बाद उसकी सुधबुध चली गई। बेसुध हालत में भी पति और ससुरालवालों ने उसे बुरी तरह पीटा। मारपीट के बाद भी जब पति का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने उसके सिर के बाल काट दिए।
पीड़िता के अनुसार मारपीट के बाद पति उसे कार में बैठाकर उसके मायके बिछोर गांव के पास एक सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। रात में गंभीर हालत में मिली महिला को परिजनों ने तुरंत पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए नलहड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
महिला के भाई जैकम ने आरोप लगाया कि उसका जीजा अक्सर नशे में उसकी बहन को पीटता था। उन्होंने बताया कि कई बार जबरन अबॉर्शन भी करवाया गया और लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी जाती थी। इसी कारण उसकी बहन मायके में रहने लगी थी। परिजनों का कहना है कि पंचायत के भरोसे पर ही उसे दोबारा ससुराल भेजा गया था।
इस मामले में बिछोर थाना प्रभारी जगबीर सिंह का कहना है कि पुलिस को अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत मिलेगी, मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
shubham