कुरुक्षेत्र के कांग्रेस MLA अशोक अरोड़ा का दुष्यंत चौटाला को समर्थन

कुरुक्षेत्र के कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने दुष्यंत चौटाला का समर्थन करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर को सस्पेंड करने की मांग की। राघव चड्ढा को इस्तीफा देने की नसीहत भी दी।

कुरुक्षेत्र के कांग्रेस MLA अशोक अरोड़ा का दुष्यंत चौटाला को समर्थन
  • कुरुक्षेत्र के कांग्रेस MLA अशोक अरोड़ा का दुष्यंत चौटाला को समर्थन
  • पुलिस इंस्पेक्टर को सस्पेंड करने की मांग, कार्रवाई पर उठाए सवाल
  • राघव चड्ढा पर निशाना, बोले- पहले इस्तीफा देना चाहिए था

कुरुक्षेत्र। थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने प्रदेश और देश की सियासत को लेकर तीखा बयान दिया है। उन्होंने BJP पर लोकतंत्र को कमजोर करने के आरोप लगाए और दलबदल करने वाले नेताओं की नीयत पर सवाल उठाए।

मीडिया से बातचीत में अरोड़ा ने कहा कि देश में प्रजातंत्र की भावना को कमजोर किया जा रहा है। उनका आरोप है कि BJP खरीद-फरोख्त की राजनीति कर रही है, जिससे लोकतंत्र मजाक बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति “वन नेशन, वन पार्टी” की सोच को दर्शाती है।

थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा।

अरोड़ा ने राघव चड्ढा के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें वास्तव में पार्टी में घुटन महसूस हो रही थी, तो उन्हें पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद बिना इस्तीफा दिए पार्टी बदलना नैतिकता के खिलाफ है।

विधायक अरोड़ा ने यह भी कहा कि कई ऐसे नेता हैं, जिन पर पहले जांच एजेंसियों की कार्रवाई होती है, लेकिन बाद में वे BJP में शामिल होकर साफ नजर आने लगते हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक लालच करार दिया।

हरियाणा में हाल ही में सामने आए क्रॉस वोटिंग के मामले पर भी अरोड़ा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई विधायक पार्टी बदलना चाहता है, तो उसे पहले अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए और फिर जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ना चाहिए।

अरोड़ा ने इस दौरान दुष्यंत चौटाला और पुलिस इंस्पेक्टर विवाद पर भी खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से एक पुलिस इंस्पेक्टर ने बिना वर्दी के कार्रवाई की, वह गलत है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और संबंधित इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को सुरक्षा दी गई है और उसके साथ इस तरह का व्यवहार होता है, तो यह गंभीर मामला है और इस पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।