खरखौदा में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, पिता की मौत सोनीपत में सड़क हादसा, बेटी घायल पिता की मौत
सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में सड़क के बीच खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के कारण बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
■ सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक
■ हादसे में पिता राजेंद्र सिंह की मौत, बेटी दीक्षा घायल
■ अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बीच सड़क खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के कारण बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी घायल हो गई।
हादसे के बाद दोनों को तुरंत खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। बेटी का इलाज किया जा रहा है। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव खेड़ी जसौर निवासी दीक्षा ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है और पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी है।
रविवार को वह अपने पिता राजेंद्र सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव पिपली में रिश्तेदारी में आई हुई थी। शाम करीब 6:40 बजे दोनों पिता-पुत्री वापस अपने घर लौट रहे थे। बाइक राजेंद्र सिंह चला रहे थे।
दीक्षा के अनुसार जब वे पिपली गांव पार कर भारत गेस्ट हाउस के पास खरखौदा की ओर पहुंचे तो सड़क के बीचों-बीच एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी।
आरोप है कि वहां कोई चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर या सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। अचानक सामने खड़ी ट्रॉली दिखाई देने से बाइक सीधे उसके पीछे जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और दोनों घायलों को खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीक्षा को चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। इस घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलने पर खरखौदा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल बेटी दीक्षा का बयान दर्ज किया।
पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 283, 106 और 125-A के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके चालक की पहचान करने के प्रयास कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
shubham