Video: हिमाचल को मिला नया राज्यपाल, कविंद्र गुप्ता ने ली शपथ शिमला के लोकभवन में हुआ बड़ा समारोह
कविंद्र गुप्ता ने शिमला के लोकभवन में हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। उन्होंने कहा कि RDG मामले पर केंद्र सरकार से बात करेंगे और प्रदेश के हितों की पैरवी करेंगे।
■ कविंद्र गुप्ता ने शिमला के लोकभवन में हिमाचल के 30वें राज्यपाल के रूप में ली शपथ
■ मुख्यमंत्री सुक्खू, मंत्रियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हिंदी में ली पद व गोपनीयता की शपथ
■ राज्यपाल बोले— प्रदेश के हितों के लिए RDG मुद्दे पर केंद्र सरकार से करेंगे चर्चा
हिमाचल प्रदेश को मंगलवार को नया राज्यपाल मिल गया। कविंद्र गुप्ता ने शिमला के लोकभवन में आयोजित समारोह में हिमाचल प्रदेश के 30वें राज्यपाल के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। उन्हें हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधवालिया ने शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मंत्रिमंडल के कई सदस्य, मुख्य सचिव और अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल ने हिंदी भाषा में शपथ ली। इस दौरान मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति का वारंट पढ़कर सुनाया।
इस शपथ समारोह की एक खास बात यह भी रही कि कार्यक्रम में पहली बार छह छंदों वाला वंदे मातरम गाया गया। नए निर्देशों के अनुसार अब सरकारी कार्यक्रमों, स्कूलों और महत्वपूर्ण आयोजनों में वंदे मातरम गाना अनिवार्य किया गया है।
इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने खड़े होकर इसका सम्मान किया, ठीक उसी तरह जैसे राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समय किया जाता है। हिमाचल में इस परंपरा की शुरुआत राज्यपाल के शपथ समारोह से हुई।
शपथ लेने के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि वह प्रदेश के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि RDG बंद होने के मामले पर भी वह केंद्र सरकार से बातचीत करेंगे। उनके अनुसार केंद्र के कई मंत्रियों के साथ उनके अच्छे संबंध हैं और वह हिमाचल के हितों के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि वंदे मातरम के सभी छह छंद शिक्षण संस्थानों में पढ़ाए जाने के निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी को इसके बारे में पूरी जानकारी मिल सके।
कविंद्र गुप्ता का जन्म 2 दिसंबर 1959 को जम्मू में हुआ था। उनके पिता केंद्र सरकार के डाक विभाग में कार्यरत थे। बाद में उनका परिवार पंजाब के संगरूर चला गया, जहां उनकी शुरुआती पढ़ाई हुई। उन्होंने गुरदासपुर के गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
सार्वजनिक जीवन में उनका सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ने के साथ शुरू हुआ। आपातकाल (1975-77) के दौरान उन्हें आरएसएस के कई नेताओं के साथ जेल भी जाना पड़ा।
इसके बाद उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय जनता युवा मोर्चा और अन्य संगठनों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
कविंद्र गुप्ता का राजनीतिक सफर नगर निकाय स्तर से शुरू हुआ। वह जम्मू नगर निगम के पहले निर्वाचित महापौर बने और लगातार तीन कार्यकाल तक इस पद पर रहे।
बाद में 2014 में गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चुने गए। 2015 में वह जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष बने और इस पद पर पहुंचने वाले पहले भाजपा नेता रहे।
इसके बाद 30 अप्रैल 2018 को उन्हें जम्मू-कश्मीर का उपमुख्यमंत्री बनाया गया। 2025 में उन्हें लद्दाख का उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया था और अब 5 मार्च 2026 को उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया, जिसके बाद उन्होंने मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया।
shubham