करनाल के युवक की अमेरिका में गोली मारकर हत्या, कमरे में मिला शव
करनाल के समौरा गांव के युवक चेतक शर्मा की अमेरिका के जॉर्जिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक 2024 में डंकी के रास्ते अमेरिका पहुंचा था और वहां स्टोर में नौकरी करता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
■ तीन मुख्य बिंदु
■ करनाल के युवक की अमेरिका के जॉर्जिया में गोली मारकर हत्या
■ 2024 में डंकी के रास्ते 7 महीने का सफर कर पहुंचा था अमेरिका
■ कमरे में मारी गोली, रूममेट से पुलिस पूछताछ में जुटी
हरियाणा के करनाल जिले के गांव समौरा के एक युवक की अमेरिका के जॉर्जिया में गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान चेतक शर्मा उर्फ लाखा के रूप में हुई है। जैसे ही युवक की हत्या की खबर गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। चेतक करीब दो साल पहले विदेश गया था और वहीं नौकरी कर परिवार की आर्थिक मदद कर रहा था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, चेतक शर्मा साल 2024 में डंकी के जरिए अमेरिका पहुंचा था। उसने करीब 7 महीने का कठिन और खतरनाक सफर तय किया था। विदेश पहुंचने के बाद काफी संघर्ष के बाद उसे जॉर्जिया में गुजरात के एक स्टोर संचालक के यहां स्टोरकीपर की नौकरी मिली थी। परिवार के लिए वही कमाने वाला था और घर की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।
ग्रामीणों ने बताया कि चेतक मिलनसार और मददगार स्वभाव का युवक था। वह गांव में भी जरूरतमंद लोगों की मदद करता था और विदेश में भी किसी भारतीय को परेशानी होती तो उसकी मदद के लिए आगे रहता था। उसने दरड़ गांव के पास स्थित स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी और इसके बाद विदेश जाने की तैयारी में लग गया था।
पूर्व सरपंच व ब्राह्मण सभा इन्द्री के प्रधान सुरेन्द्र शर्मा ने बताया कि सूचना मिली है कि चेतक को उसके कमरे में गोली मारी गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने उसके रूममेट को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि चेतक के साथ गांव समौरा का एक अन्य युवक भी अमेरिका में रहता था, लेकिन वह करीब 20 दिन पहले ही भारत लौट आया था। घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। परिजन लगातार प्रशासन और विदेश मंत्रालय से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि शव को भारत लाया जा सके।
shubham