इंजेक्शन के बाद युवक की मौत, मेडिकल संचालक पर FIR बिना जांच इंजेक्शन लगाने का आरोप

करनाल के निगदु में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों ने मेडिकल संचालक पर बिना जांच इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंजेक्शन के बाद युवक की मौत, मेडिकल संचालक पर FIR  बिना जांच इंजेक्शन लगाने का आरोप

बिना जांच लगाए इंजेक्शन के बाद युवक की मौत का आरोप
मेडिकल संचालक पर लापरवाही का केस, आरोपी फरार
इंजेक्शन लगते ही युवक गिरा, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया


करनाल जिले के निगदु क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक निजी मेडिकल स्टोर संचालक ने बिना किसी जांच के युवक को इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। बाद में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव बीर बडालवा निवासी मृतक की मां जगिन्द्र कौर ने बताया कि 17 मार्च की रात करीब 8 बजे उनके बेटे कुलवंत सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। वह उसे बाइक पर बैठाकर निगदु स्थित गुरुकृपा मेडिकल पर दवाई लेने पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद संचालक मोहित ने बिना कोई जांच किए सीधे इंजेक्शन लगा दिया।

पोस्टमॉर्टम हाउस में मौजूद मृतक के परिजन।

परिजनों के मुताबिक, जब मां पानी लेने के लिए दुकान से बाहर गई हुई थी, उसी दौरान युवक को इंजेक्शन लगाया गया। जैसे ही इंजेक्शन लगाया गया, कुलवंत सिंह दुकान में लगे सोफे पर गिर पड़ा। मां ने तुरंत इंजेक्शन रोकने को कहा, लेकिन तब तक आधे से ज्यादा इंजेक्शन लगाया जा चुका था। इसके बाद युवक की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

आरोप है कि युवक की बिगड़ती हालत को देखकर आरोपी मोहित उसे अपनी बाइक पर कहीं लेकर गया और कुछ समय बाद वापस आया। इसके बाद एक गाड़ी की व्यवस्था कर युवक को कुरुक्षेत्र के अग्रवाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने शव को घर ले जाने की बात कही।

परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद आरोपी मोहित उन्हें वहीं छोड़कर फरार हो गया। मामले की शिकायत थाना निगदु पुलिस को दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मोहित (गुरुकृपा मेडिकल) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।