भरे बाजार में युवक के सिर पर गोली मारकर ह*त्या, बदमाश मौके से फरार
करनाल के हांसी रोड पर एक्टिवा सवार युवक बीरू की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➤ करनाल के हांसी रोड पर एक्टिवा सवार युवक की गोली मारकर हत्या
➤ दो बाइक सवार हमलावरों ने सिर में पॉइंट ब्लैंक फायर कर वारदात को दिया अंजाम
➤ मृतक पर पहले से दर्ज थे कई आपराधिक मामले, पुलिस रंजिश के एंगल से कर रही जांच
हरियाणा के करनाल में बुधवार देर रात भरे बाजार में हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। हांसी रोड स्थित भगवडिया गैस एजेंसी के पास एक्टिवा पर खड़े एक युवक की दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले करनाल मेडिकल कॉलेज और बाद में अमृतधारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सदर बाजार निवासी 28 वर्षीय बीरू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बीरू के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
सिर में मारी पॉइंट ब्लैंक गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 9 बजे बीरू अपनी एक्टिवा पर गैस एजेंसी के पास खड़ा था। इसी दौरान डिस्कवर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बहस के बेहद करीब से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही बीरू सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
घटनास्थल से मिला कारतूस का खोल
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक जांच कराई गई। पुलिस ने मौके से गोली का एक खोल भी बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
अस्पताल में बढ़ाई गई सुरक्षा
बीरू की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और जांच के बाद ही लोगों को अंदर जाने दिया गया।
पुलिस क्या बोली?
सदर बाजार चौकी प्रभारी मनदीप ने बताया कि युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मृतक की क्राइम हिस्ट्री और पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच कर रही है।
Akhil Mahajan