मोबाइल पर बात करते जा रहे प्रॉपर्टी डीलर के सिर पर ईंट मारकर ह*त्या, बाइक पर सवार थे हमलावर

यमुनानगर में प्रॉपर्टी डीलर शिवकुमार की सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी गई। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है। पुलिस ने मौके से ईंट बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल पर बात करते जा रहे प्रॉपर्टी डीलर के सिर पर ईंट मारकर ह*त्या, बाइक पर सवार थे हमलावर

मोबाइल पर बात करते जा रहे प्रॉपर्टी डीलर पर पीछे से किया गया हमला

सिर पर ईंट लगने से मौके पर ही हुई मौत, आरोपी बाइक पर फरार

पूरी वारदात CCTV में कैद, पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी


यमुनानगर में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। भगवानगढ़ निवासी प्रॉपर्टी डीलर शिवकुमार की सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब वह मोबाइल पर बात करते हुए संतपुरा गुरुद्वारा रोड पर पैदल जा रहे थे। हमले के बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

प्रॉपर्टी डीलर के पीछे जाता दिखा संदिग्ध बाइक सवार।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2:40 बजे शिवकुमार सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार उनका पीछा करता हुआ आया और मौका मिलते ही उनके सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण शिवकुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना से जुड़ा 37 सेकंड का एक CCTV वीडियो सामने आया है। इसमें शिवकुमार मोबाइल पर बात करते हुए दिखाई देते हैं। कुछ ही क्षण बाद एक संदिग्ध बाइक सवार उनके पीछे-पीछे आता नजर आता है। पुलिस का मानना है कि आरोपी पहले से उनकी रेकी कर रहा था। हालांकि, वीडियो की जांच जारी है।

घटनास्थल से बरामद हुई ईंट

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया। सड़क पर खून के निशान मिले हैं और वहीं से हमले में इस्तेमाल होने की आशंका वाली ईंट भी बरामद की गई है।

मामले की जानकारी देते हुए यमुनानगर SP कमलदीप गोयल।

यमुनानगर के एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि घटना पूरी तरह CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस सभी फुटेज खंगाल रही है और मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। शिवकुमार प्रॉपर्टी के कारोबार से जुड़े थे और यमुनानगर में उनका कार्यालय भी था। हत्या के पीछे के कारणों की जांच हर पहलू से की जा रही है।

रेकी के बाद वारदात की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले से शिवकुमार की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। जिस तरह से पीछे-पीछे चलते हुए उसने हमला किया, उससे हत्या की साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों के साथ जांच में जुटी है।