उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी पर भड़कीं कंगना रनोट, बोलीं- अश्लील और भद्दे चुटकुले बर्दाश्त नहीं

उदयनिधि स्टालिन की कथित टिप्पणी को लेकर कंगना रनोट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताते हुए पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया।

उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी पर भड़कीं कंगना रनोट, बोलीं- अश्लील और भद्दे चुटकुले बर्दाश्त नहीं

तृषा कृष्णन पर कथित अभद्र टिप्पणी के बाद बढ़ा राजनीतिक विवाद

कंगना रनोट ने पुलिस कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा- ऐसी भाषा स्वीकार्य नहीं

खुशबू सुंदर और चिन्मयी श्रीपदा ने भी बयान की कड़ी आलोचना की


तमिलनाडु की राजनीति में एक बयान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनोट ने उदयनिधि स्टालिन की उस कथित टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है, जिसे लेकर अभिनेत्री तृषा कृष्णन और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का नाम चर्चा में आया। कंगना ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज में महिलाओं को लेकर अश्लील और भद्दे चुटकुले या टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं।

मामला सामने आने के बाद चेन्नई पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लिया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई। कंगना ने इस कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि कानून का हस्तक्षेप ऐसे मामलों में जरूरी है।

कंगना बोलीं- यह एक अच्छी नजीर है

कंगना रनोट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि सार्वजनिक मंचों से महिलाओं के बारे में अशोभनीय टिप्पणियां करना गलत है। उन्होंने कहा कि भले ही उदयनिधि को जमानत मिल गई हो, लेकिन उनके खिलाफ हुई कार्रवाई समाज के लिए एक अच्छा संदेश है।

क्या है पूरा विवाद?

यह विवाद तंजौर में आयोजित DMK के एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। भाषण के दौरान भीड़ में कुछ लोगों ने 'तृषा-तृषा' के नारे लगाए। इसके बाद उदयनिधि स्टालिन की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आलोचकों का आरोप है कि यह टिप्पणी अभिनेत्री तृषा कृष्णन की ओर इशारा करती थी।

हालांकि उदयनिधि स्टालिन ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा केवल कावेरी नदी के पानी की ओर था और उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।

खुशबू सुंदर ने मांगी माफी

अभिनेत्री और भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने इस टिप्पणी को महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए उदयनिधि स्टालिन से तृषा कृष्णन से सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।

चिन्मयी श्रीपदा ने भी जताई नाराजगी

गायिका चिन्मयी श्रीपदा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजनीतिक मतभेदों में महिलाओं को घसीटना गलत है। उन्होंने कहा कि युवा नेताओं से जिम्मेदार भाषा की उम्मीद की जाती है और इस तरह की टिप्पणी बेहद निराशाजनक है।

उदयनिधि ने दी सफाई

हिरासत में लिए जाने के बाद उदयनिधि स्टालिन ने मीडिया से कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के अलावा किसी अन्य व्यक्ति का नाम नहीं लिया। उन्होंने अपने खिलाफ हुई कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया।