पालीक्लिनिक के बाहर कार में मिला सरकारी डॉक्टर का श*व, फैली सनसनी
अंबाला के सेक्टर-10 पालीक्लिनिक के बाहर कार में सरकारी डॉक्टर डॉ. एनके झा का शव मिला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
➤ अंबाला सेक्टर-10 पालीक्लिनिक के बाहर कार में मिला सरकारी डॉक्टर का शव
➤ मृतक की पहचान बिहार निवासी 48 वर्षीय डॉ. एनके झा के रूप में हुई
➤ पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का होगा खुलासा
हरियाणा के अंबाला में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सेक्टर-10 स्थित पालीक्लिनिक के गेट नंबर-2 के बाहर खड़ी एक कार के अंदर सरकारी डॉक्टर का शव मिला। मृतक की पहचान 48 वर्षीय डॉ. एनके झा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के रहने वाले थे। सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
रविवार शाम से खड़ी थी कार, किसी को नहीं हुआ शक
मौके पर पहुंचे अंबाला व्यापार मंडल के पूर्व प्रधान नीरू वढेरा ने बताया कि संबंधित कार रविवार शाम से वहीं खड़ी थी, लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके अंदर किसी का शव पड़ा है। मंगलवार को मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
कार से शराब की बोतल और खैनी मिली
पुलिस जांच के दौरान कार के अंदर से एक शराब की बोतल और खैनी भी बरामद हुई है। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बुधवार को होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार, डॉ. एनके झा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके अंबाला पहुंचने के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तब तक शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
2011 से हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में दे रहे थे सेवाएं
डॉ. एनके झा मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के लहटा गांव के निवासी थे। उन्होंने 2011 में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में सेवा शुरू की थी। शुरुआत में जिला नागरिक अस्पताल में कार्य किया, बाद में सिविल सर्जन कार्यालय में भी सेवाएं दीं। 2016 से 2025 तक वे सेक्टर-10 पालीक्लिनिक में तैनात रहे। करीब सवा साल पहले पदोन्नति की प्रक्रिया के तहत उनका तबादला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पतरेहड़ी में किया गया था।
Akhil Mahajan