हिमाचल BJP का आज शिमला में शक्ति प्रदर्शन, विधायक दल मीटिंग में फैसला, पार्टी MLA पर FIR पर भड़का विपक्ष
हिमाचल भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ 5 अगस्त को शिमला में शक्ति प्रदर्शन का ऐलान किया है। मानसून सत्र से पहले पार्टी ने कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और चुनावी गारंटियों सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई।
➤ भाजपा विधायक दल ने 5 अगस्त को शिमला में बड़े विरोध प्रदर्शन का किया ऐलान
➤ कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध, झूठे मुकदमे और सत्ता के दुरुपयोग के लगाए आरोप
➤ मानसून सत्र में कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, आपदा राहत और चुनावी गारंटियों पर सरकार को घेरेगी भाजपा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपनाने का फैसला किया है। मंगलवार शाम शिमला में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सरकार को विधानसभा के भीतर और बाहर घेरने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में तय किया गया कि 5 अगस्त को शिमला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन और मार्च निकाला जाएगा।
सीटीओ चौक से निकलेगा विरोध मार्च
भाजपा विधायक दल के सचिव रणधीर शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह 10 बजे सीटीओ चौक, शिमला से विरोध मार्च शुरू होगा। इसमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सभी भाजपा विधायक, पूर्व विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
राजनीतिक प्रतिशोध और झूठे मुकदमों का आरोप
बैठक के बाद रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भाजपा के विधायकों, पूर्व विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरेगी भाजपा
भाजपा ने कहा कि 21 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र में वह सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरेगी। इनमें बारिश के दौरान सड़कों की बदहाल स्थिति, भूस्खलन, बिजली और पेयजल आपूर्ति, आपदा प्रभावित परिवारों का पुनर्वास, कानून व्यवस्था, बढ़ता नशा कारोबार, भ्रष्टाचार, कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित देनदारियां तथा कांग्रेस की अधूरी चुनावी गारंटियां प्रमुख रहेंगी।
फोन टैपिंग और विकास कार्यों की अनदेखी का भी आरोप
भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है और पिछली भाजपा सरकार की कई परियोजनाओं को रोक दिया गया है। पार्टी ने यह भी दावा किया कि भाजपा नेताओं की कथित फोन टैपिंग और निगरानी की जा रही है, जिसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया गया।
बैठक की शुरुआत संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के पिता स्वर्गीय नारायणन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल सहित सभी प्रमुख भाजपा विधायक मौजूद रहे।
Akhil Mahajan