गोबर की ट्रॉली लेकर निकला डेयरी संचालक... रास्ते में घेरकर उतारा मौत के घाट

हिसार के सूर्य नगर में डेयरी संचालक जीवन की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश का आरोप लगाया और आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

गोबर की ट्रॉली लेकर निकला डेयरी संचालक... रास्ते में घेरकर उतारा मौत के घाट

हिसार के सूर्य नगर में डेयरी संचालक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या
परिजनों ने पुरानी रंजिश में 10 से ज्यादा लोगों पर हमला करने का लगाया आरोप
आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार


हिसार के सूर्य नगर की गली नंबर-6 मंगलवार सुबह उस समय दहशत में बदल गई, जब डेयरी संचालक जीवन की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जीवन रोज की तरह मोटरसाइकिल के पीछे गोबर की छोटी ट्रॉली लगाकर फाटक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 10 से अधिक लोगों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जीवन को पहले निजी अस्पताल और फिर नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप- पुरानी रंजिश में की गई हत्या

घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी रोष फैल गया। परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते जीवन की हत्या की गई है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।

डेढ़ महीने पहले हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार करीब डेढ़ महीने पहले जीवन का पड़ोसी फाइनेंसर रमेश के साथ पशुओं के चारे की होद बनाने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। आरोप है कि झगड़े के दौरान जीवन की पत्नी अमन को बरछी लगी थी। इस मामले में जीवन की शिकायत पर रमेश के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज किया गया था।

उसी विवाद का बदला लेने का आरोप

परिजनों का कहना है कि पुराने विवाद की रंजिश में ही मंगलवार सुबह जीवन को रास्ते में रोककर हमला किया गया। उनका आरोप है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे और मौका मिलते ही जीवन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।