हिसार पहुंचा नंद किशोर गोयनका का पार्थिव शरीर: अंतिम दर्शनों को पैतृक आवास में रखा,कल अग्रोहा धाम में अंतिम संस्कार
पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका का 96 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर हिसार पहुंचा, बुधवार को अग्रोहा धाम में अंतिम संस्कार होगा।
पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका का 96 वर्ष की आयु में निधन
मुंबई से चार्टर्ड प्लेन के जरिए हिसार पहुंचा पार्थिव शरीर, पैतृक आवास पर अंतिम दर्शन जारी
बुधवार सुबह 11:30 बजे अग्रोहा धाम स्थित गोयनका उद्यान में होगा अंतिम संस्कार
हरियाणा से पूर्व राज्यसभा सांसद और एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. सुभाष चंद्रा के पिता नंद किशोर गोयनका का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 96 वर्ष के थे और पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से परिवार सहित सामाजिक और उद्योग जगत में शोक की लहर है।
मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर मुंबई से चार्टर्ड प्लेन के माध्यम से हिसार एयरपोर्ट लाया गया। यहां से पार्थिव देह को उनके पैतृक आवास मोहना मंडी ले जाया गया, जहां अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया है।
पैतृक आवास पर सुबह से ही बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के लोग श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंच रहे हैं। हर कोई उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पहुंच रहा है।
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 11:30 बजे अग्रोहा धाम स्थित गोयनका उद्यान में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में उद्योग, समाज और राजनीति से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है।
नंद किशोर गोयनका का जन्म 28 सितंबर 1930 को हिसार जिले के आदमपुर कस्बे के सदलपुर गांव में हुआ था। उन्होंने अपने जीवन में सामाजिक मूल्यों और पारिवारिक परंपराओं को सदैव प्राथमिकता दी। उनके निधन पर विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
pooja