हिसार में प्रेमिका का गर्भपात कर भ्रूण फेंकते युवक गिरफ्तार
हिसार के ऋषि नगर में पुलिस ने भ्रूण फेंकते एक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में प्रेमिका का गर्भपात कराने की बात सामने आई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिसार में युवक भ्रूण फेंकते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ा
पूछताछ में खुलासा, बदनामी के डर से प्रेमिका का कराया गर्भपात
पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
हिसार। हरियाणा के हिसार में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। ऋषि नगर स्थित श्मशान घाट रोड पर पुलिस ने एक युवक को भ्रूण फेंकते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी प्रेमिका का गर्भपात कराने के बाद भ्रूण को ठिकाने लगाने के लिए वहां लाया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान गांव नियाणा निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। युवक और युवती दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और वर्तमान में ऋषि नगर में साथ रह रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले 6 से 7 वर्षों से प्रेम संबंध में थे।
गश्त के दौरान मिली सूचना
जानकारी के अनुसार बुधवार को ईआरवी में तैनात एसएसआई सोमबीर और एलएससी सुमन सेक्टर-14 पार्ट-2 क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि श्मशान घाट रोड पर एक संदिग्ध युवक घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद एक पॉलीथिन से भ्रूण बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया।
बदनामी के डर से कराया गर्भपात
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी प्रेमिका गर्भवती हो गई थी। समाज में बदनामी के डर और बच्चे के जन्म से बचने के लिए दोनों ने आपसी सहमति से गर्भपात कराने का निर्णय लिया। इसके बाद आरोपी भ्रूण को ठिकाने लगाने के लिए श्मशान घाट रोड पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
भ्रूण को अस्पताल भेजा गया
पुलिस ने बरामद भ्रूण को आवश्यक चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। मामले की जांच जारी है और संबंधित तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
दोनों के खिलाफ केस दर्ज
जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक और युवती दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और गर्भपात किन परिस्थितियों में कराया गया, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
एसपी बोले- अमानवीय कृत्य बर्दाश्त नहीं
हिसार एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि मानव जीवन से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या अमानवीय कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस संवेदनशीलता के साथ मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करेगी।
pooja