इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी की पत्नी मुस्कान केस में पंजाब CM 'भगवंत मान' की एंट्री? वायरल लेटर में हरियाणा मुख्यमंत्री से की गई ये बड़ी मांग
रोहतक की मुस्कान बल्हारा सुसाइड केस में पंजाब CM भगवंत मान के नाम से एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
➤ पंजाब CM भगवंत मान के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पत्र
➤ हरियाणा CM से निष्पक्ष जांच और किसी निर्दोष को सजा न देने की अपील
➤ पत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं, पुलिस जांच और 12 अगस्त की पंचायत पर टिकी नजर
रोहतक के बहु अकबरपुर गांव निवासी इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा की पत्नी मुस्कान बल्हारा के सुसाइड मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नाम से एक पत्र वायरल हो रहा है, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच कराने की मांग की गई है। हालांकि, इस वायरल पत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पत्र वायरल होने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सोशल मीडिया पर लोग इसकी सत्यता को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, जबकि पुलिस अपनी जांच में जुटी हुई है।
31 जुलाई को मुस्कान ने की थी आत्महत्या
बताया जा रहा है कि 31 जुलाई की शाम मुस्कान बल्हारा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने शीलू बल्हारा और उनके परिवार पर दहेज प्रताड़ना सहित अन्य आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया।
फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वायरल पत्र में क्या लिखा है?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पत्र में दावा किया गया है कि इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा के परिवार के साथ न्याय होना चाहिए। साथ ही हरियाणा सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई न करने की अपील की गई है।
हालांकि CITY TEHLKA इस वायरल पत्र की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता। संबंधित सरकारी एजेंसियों की ओर से भी इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
12 अगस्त तक राहत, फिर होगी पंचायत
मामले में दोनों गांवों की पंचायत के बाद मुस्कान के पिता ने पुलिस को लिखित बयान दिया था। इसके आधार पर शीलू बल्हारा और उनके परिवार को 12 अगस्त तक राहत दी गई है। इसी दिन दोबारा पंचायत होगी, जिसमें आगे की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
पुलिस क्या कह रही है?
रोहतक एसपी गौरव राजपुरोहित के अनुसार, मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan