CIA कस्टडी में युवक की मौत का मामला, इंस्पेक्टर-हेड कॉन्स्टेबल समेत 6 पर हत्या की FIR
करनाल में CIA कस्टडी में जितेंद्र उर्फ जैकी की मौत के बाद हंगामा हुआ। इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों पर हत्या की FIR दर्ज, परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े।
➤ CIA-2 हिरासत में जितेंद्र उर्फ जैकी (32) की मौत के बाद करनाल में परिजनों ने लगाया जाम
➤ इंस्पेक्टर प्रवीन शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल संदीप समेत छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
➤ परिजन गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग पर अड़े, आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री को भेजा गया पत्र
हरियाणा के करनाल में पुलिस हिरासत के दौरान 32 वर्षीय युवक की मौत का मामला गंभीर विवाद में बदल गया है। CIA-2 की कस्टडी में जितेंद्र उर्फ जैकी की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव लेने से इनकार कर दिया और अग्रसेन चौक पर जाम लगाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भी परिजनों और अन्य लोगों ने एकत्रित होकर विरोध जताया। परिवार की मांग है कि युवक की मौत के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उन्हें नौकरी से बर्खास्त किया जाए। बढ़ते विरोध के बीच रामनगर थाना पुलिस ने CIA-2 इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रवीन शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल संदीप समेत चार अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की धारा में FIR दर्ज की है। हालांकि, मामला दर्ज होने के बावजूद परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
FIR दर्ज होने के बाद भी नहीं माने परिजन
परिजनों का कहना है कि केवल मुकदमा दर्ज करने से उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। मामले में शामिल सभी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी होनी चाहिए। परिवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे युवक का शव नहीं उठाएंगे।
विरोध प्रदर्शन के दौरान SDM देवेंद्र शर्मा और DSP गोरखपाल राणा ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इससे पहले SP करण गोयल छह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर चुके हैं।
ASI को भी लगी थी गोली, जांच के घेरे में घटना
इस मामले में एक अन्य गंभीर पहलू भी सामने आया है। जितेंद्र को लेकर जा रहे ASI संजय को भी गोली लगी थी। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिवार का आरोप है कि ASI ने जानबूझकर खुद को गोली मारी थी। वहीं, DSP गोरखपाल राणा ने कहा है कि ASI को गोली कैसे लगी, इसकी जांच की जाएगी। फिलहाल इस घटना के संबंध में जांच जारी है।
परिजनों ने पुलिस के सामने रखीं तीन मांगें
परिवार ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी थीं।
1. सभी छह पुलिसकर्मियों के नाम FIR में शामिल किए जाएं। परिवार चाहता था कि घटना के समय मौजूद सभी पुलिसकर्मियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय हो। पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों को नामजद करते हुए अन्य चार को भी मामले में शामिल किया है।
2. हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया जाए। परिजन पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने इस मांग के अनुसार FIR दर्ज की है।
3. परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। बेटे की मौत के बाद परिवार ने आर्थिक मदद की मांग की है। DSP गोरखपाल राणा के अनुसार, इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है।
11 नवंबर को घर से ले जाने का आरोप
जितेंद्र के परिजनों के मुताबिक, CIA-2 की टीम 11 नवंबर को उसे बीजणा गांव स्थित घर से अपने साथ ले गई थी। परिवार का आरोप है कि टीम में पांच से छह पुलिसकर्मी शामिल थे और उन्होंने जितेंद्र को हिरासत में लेने की आधिकारिक जानकारी नहीं दी थी।
जितेंद्र के चचेरे भाई रिंकू के अनुसार, इसके बाद एक पुलिसकर्मी ने उनसे पैसों की मांग की। परिवार का कहना है कि इस दौरान जितेंद्र की गिरफ्तारी भी रिकॉर्ड में नहीं दिखाई गई।
परिजनों ने दावा किया कि सीसीटीवी फुटेज में सादी वर्दी में कुछ पुलिसकर्मी जितेंद्र को अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
हाईकोर्ट में याचिका के बाद भी नहीं मिला सुराग
परिवार ने 12 नवंबर को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर जितेंद्र को अवैध हिरासत में रखे जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर टीम CIA-2 कार्यालय पहुंची।
परिजनों के अनुसार, वहां CIA-2 इंचार्ज प्रवीन शर्मा ने लिखित में दिया कि जितेंद्र उनके पास नहीं है। इस घटनाक्रम के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
रिंकू का आरोप है कि उसी रात एक पुलिसकर्मी ने दूसरे व्यक्ति के फोन नंबर से जितेंद्र के भाई शुभम को कॉल किया। इस दौरान शुभम की जितेंद्र से बातचीत भी कराई गई। परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने पैसे मांगे और अगले दिन जितेंद्र को छोड़ने की बात कही।
इसके बाद परिवार के सदस्य CIA-2 कार्यालय पहुंचे, लेकिन उन्हें बताया गया कि जितेंद्र को रात में नहीं छोड़ा जाएगा।
खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराने का भी आरोप
FIR में दर्ज शिकायत के अनुसार, 13 नवंबर की रात परिवार के सदस्य CIA-2 कार्यालय पहुंचे थे। वहां जितेंद्र की मुलाकात उसकी मौसी के बेटे विशाल से कराई गई। परिजनों का कहना है कि उस समय जितेंद्र ठीक था। इसके बाद गांव के गुरदीप राणा ने भी उससे मुलाकात की।
शिकायतकर्ता शुभम सिंह ने आरोप लगाया कि इस दौरान जितेंद्र, परिवार के अन्य सदस्यों और गुरदीप राणा से खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए।
परिवार का यह भी आरोप है कि CIA-2 के कर्मचारियों ने हाईकोर्ट में दायर अवैध हिरासत से संबंधित याचिका वापस लेने का दबाव बनाया था। शुभम के अनुसार, CIA-2 के संदीप ने कॉन्फ्रेंस कॉल के माध्यम से भी इस संबंध में बातचीत की थी। हालांकि, परिवार ने याचिका वापस लेने से इनकार कर दिया।
सरपंच के माध्यम से मिली मौत की सूचना
शिकायतकर्ता शुभम सिंह के मुताबिक, 14 नवंबर की सुबह गांव के सरपंच के माध्यम से परिवार को सूचना मिली कि जितेंद्र की CIA-2 कार्यालय में मौत हो गई है और उसका शव सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है।
इसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। जितेंद्र के पिता विक्रम ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी पहले भी उनके बेटे को जान से मारने की धमकी देते थे। उन्होंने पुलिस की ओर से हार्ट अटैक से मौत होने के दावे पर भी सवाल उठाए।
परिवार ने अपनी शिकायत में CIA-2 इंचार्ज प्रवीन शर्मा, संदीप और अन्य पुलिसकर्मियों को बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
रामनगर थाना पुलिस ने दर्ज किया मामला
जितेंद्र के भाई शुभम सिंह की शिकायत के आधार पर रामनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में 11 नवंबर को सुबह करीब 10:37 बजे CIA-2 की टीम द्वारा जितेंद्र को घर से ले जाने से लेकर उसकी मौत तक के घटनाक्रम का उल्लेख किया गया है।
फिलहाल मामला दर्ज होने के बाद भी परिवार का विरोध जारी है। परिजन आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और बर्खास्तगी की मांग कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी परिवार को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अब इस मामले में जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Akhil Mahajan