विधायक चंद्रप्रकाश पर टिप्पणी से भड़का विरोध, हिसार में कुलदीप बिश्नोई का पुतला फूंका

हिसार में विधायक चंद्रप्रकाश पर कुलदीप बिश्नोई की टिप्पणी के विरोध में जीजेयू छात्रों ने पुतला फूंका और ओबीसी समाज से माफी मांगने की मांग की।

विधायक चंद्रप्रकाश पर टिप्पणी से भड़का विरोध, हिसार में कुलदीप बिश्नोई का पुतला फूंका

हिसार में जीजेयू गेट पर भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई का पुतला फूंका

➤ विधायक चंद्रप्रकाश को 'घटिया' कहने पर भड़का ओबीसी समाज, छात्र मोर्चा ने किया प्रदर्शन

➤ प्रदर्शनकारियों ने कुलदीप बिश्नोई से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की उठाई मांग

हिसार में आदमपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश को लेकर भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई की टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उनके बयान के विरोध में जीजेयू (गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय) के छात्र मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सतपाल वर्मा और सुभाष सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जीजेयू गेट के सामने कुलदीप बिश्नोई का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस बयान से ओबीसी समाज का अपमान हुआ है। उन्होंने कुलदीप बिश्नोई से समाज से माफी मांगने की मांग की।

विवाद की शुरुआत 11 नवंबर को हिसार के आदमपुर में हुई थी। उस दिन भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई अपने नए मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने आदमपुर के कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी, जिस पर अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध शुरू हो गया है।

विधायक के बयान पर प्रतिक्रिया मांगने पर बिगड़े बोल

दरअसल, गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने कुलदीप बिश्नोई से विधायक चंद्रप्रकाश के उस बयान को लेकर सवाल किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि क्षेत्र में विकास कार्य वे करवाते हैं, जबकि उनका फीता भव्य बिश्नोई काट जाते हैं।

पत्रकारों के इसी सवाल पर कुलदीप बिश्नोई ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्थानीय विधायक को 'घटिया' बताते हुए कहा कि वे ऐसे लोगों की बात का जवाब नहीं देते। उनके इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया। अब जीजेयू छात्र मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इसे ओबीसी समाज के सम्मान से जोड़ते हुए विरोध प्रदर्शन किया है।

पीए से डिबेट करने की भी दी थी चुनौती

बयानबाजी के दौरान कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर में विकास कार्यों को लेकर भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने दावा किया था कि क्षेत्र में क्या काम हो रहे हैं और कौन करवा रहा है, इसकी जानकारी वहां की जनता और प्रदेश सरकार को अच्छी तरह है।

उन्होंने विकास कार्यों का हवाला देते हुए कहा था कि सभी सरकारी पत्र उन्होंने खुद लिखवाए हैं। साथ ही विधायक चंद्रप्रकाश को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि वे किसी भी दिन उनके घर आकर उनके पीए (निजी सहायक) से इस बात पर डिबेट कर लें कि क्षेत्र में किसने कितने काम करवाए हैं।

2024 के विधानसभा चुनाव में भव्य बिश्नोई को मिली थी हार

आदमपुर विधानसभा सीट पर 2024 के चुनाव में भजनलाल परिवार के सामने कांग्रेस ने पूर्व आईएएस अधिकारी चंद्रप्रकाश को चुनाव मैदान में उतारा था। वहीं, भाजपा ने कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को दूसरी बार टिकट दिया था।

चंद्रप्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के करीबी मित्र माने जाने वाले पंडित रामजीलाल के भतीजे हैं। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रप्रकाश ने भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई को 1,268 वोटों के अंतर से हराया था। इस चुनाव में भव्य बिश्नोई को 64,103 वोट मिले थे।

फिलहाल, विधायक चंद्रप्रकाश को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में जीजेयू गेट पर हुए प्रदर्शन के बाद मामला चर्चा में है। प्रदर्शनकारियों ने कुलदीप बिश्नोई से ओबीसी समाज के प्रति अपनी टिप्पणी को लेकर माफी मांगने की मांग की है।