करोड़पति ससुर की लाश पर बहू का जश्न: हत्या की रात होटल में पी शराब, पति संग डेढ़ घंटे तक झूमती रही

कानपुर में विनीत मिनोचा की हत्या की रात आरोपी बहू शालू और बेटा सुब्रत पांच घंटे लाउंज में पार्टी करते रहे। पुलिस ने हत्या की साजिश में बहू पर आरोप लगाए।

करोड़पति ससुर की लाश पर बहू का जश्न: हत्या की रात होटल में पी शराब, पति संग डेढ़ घंटे तक झूमती रही

करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या की रात बहू-बेटे ने लाउंज में 5 घंटे पार्टी की
सुपारी किलर घर में हत्या कर रहे थे, शालू-सुब्रत 90 दशक के गानों पर डांस कर रहे थे
पुलिस के मुताबिक शालू ने नौकर को 6 लाख का लालच देकर ससुर की हत्या के लिए राजी किया था


करोड़पति दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की रात उनके घर में सुपारी किलर वारदात को अंजाम दे रहे थे, जबकि उसी समय उनकी आरोपी बहू शालू पति सुब्रत के साथ लाउंज में पार्टी कर रही थी। दोनों ने करीब 5 घंटे तिलक नगर स्थित कॉस्मोजिन लाउंज में बिताए। इस दौरान ड्रिंक ली, खाना खाया और करीब डेढ़ घंटे तक डीजे फ्लोर पर डांस किया।

लाउंज के जनरल मैनेजर सौरभ त्रिपाठी और वेटर सैम के मुताबिक, पार्टी के दौरान शालू और सुब्रत बिल्कुल सामान्य और खुश नजर आ रहे थे। शालू ने ग्रिल्ड फिश की तारीफ की और खाना कम स्पाइसी बनाने के लिए भी कहा। देर रात दोनों ने 90 दशक के गानों पर डांस किया। अगले दिन जब लाउंज के स्टाफ को विनीत मिनोचा की हत्या की जानकारी मिली तो वे भी हैरान रह गए।

पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर की रात दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की उनके फ्लैट में गला रेतकर हत्या की गई थी। आरोप है कि उनकी बहू शालू ने नौकर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को हत्या की सुपारी दी थी।

यह तस्वीर दवा कारोबारी के इकलौते बेटे सुब्रत और बहू शालू की है। शालू कभी-कभी रील भी बनाती थी।

हत्या के समय लाउंज में चल रही थी पार्टी, शालू-सुब्रत ने जमकर किया डांस

लाउंज के जनरल मैनेजर सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि 5 सितंबर को सुब्रत ने पहली बार कपल पार्टी बुक की थी। लाउंज में आने वाले एक रेगुलर कस्टमर ने उनकी मुलाकात सुब्रत से कराई थी।

पार्टी रात 11:30 बजे शुरू होनी थी, लेकिन सुब्रत और शालू करीब एक घंटे पहले ही रात 10:30 बजे लाउंज पहुंच गए थे। दोनों फर्स्ट फ्लोर पर गए और वहां खाने का जायका चेक करने के लिए स्टार्टर मंगवाया।

वेटर ने उन्हें हरियाली कबाब, वेज सीक कबाब, ग्रिल्ड फिश और मटन टिक्का सर्व किया। शालू को ग्रिल्ड फिश काफी पसंद आई। उसने इसकी तारीफ करते हुए खाना कम स्पाइसी बनाने की सिफारिश की।

इसके बाद पार्टी में मेहमानों का आना शुरू हुआ। सौरभ के मुताबिक, करीब 35 गेस्ट पार्टी में शामिल हुए थे।

यह तस्वीर दवा कारोबारी विनोद मिनोचा की है।

ड्रिंक के बाद करीब डेढ़ घंटे तक डीजे फ्लोर पर नाचे

सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि रात करीब 11:15 बजे से सुब्रत के गेस्ट आने लगे थे। पार्टी शुरू होने के बाद शालू और सुब्रत अपने मेहमानों के साथ गेम खेलने लगे। इस दौरान उन्हें ड्रिंक्स भी सर्व की गईं।

गेम खेलने के दौरान शालू और सुब्रत ने भी ड्रिंक की। इसके बाद रात करीब 1 बजे सभी लोग डीजे फ्लोर पर पहुंच गए। वहां 90 दशक के गानों की फरमाइश की गई।

सौरभ के अनुसार, शालू और सुब्रत करीब 2 बजे तक डीजे फ्लोर पर डांस करते रहे। देर रात जब स्टाफ ने खाना ठंडा होने की बात कही तो शालू ने कुछ देर और डांस करने की बात कही। इसके बाद डीजे पर उसके पसंदीदा गाने बजाए गए।

करीब 2:30 बजे के बाद खाना शुरू हुआ और करीब 3:30 बजे शालू और सुब्रत लाउंज से निकल गए

वेटर बोला- शालू को देखकर लगा ही नहीं कि ससुर की हत्या करा रही है

पार्टी में मेहमानों की देखरेख की जिम्मेदारी शुक्लागंज निवासी वेटर सैम की थी। सैम ने बताया कि वह पिछले चार साल से लाउंज में काम कर रहा है।

उसने बताया कि पार्टी में वेज और नॉनवेज दोनों तरह की डिश रखी गई थीं। शालू और सुब्रत को नॉनवेज में ग्रिल्ड फिश और चिकन टिक्का काफी पसंद आया था। दोनों ने खाने की तारीफ भी की।

सैम के मुताबिक, पार्टी के दौरान दोनों काफी खुश नजर आ रहे थे। शालू को देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वह अपने ससुर की हत्या कराने वाली है। अगले दिन जब लाउंज के स्टाफ को विनीत की हत्या की जानकारी मिली तो सभी शॉक्ड रह गए।

स्टाफ के लिए यह बात इसलिए भी हैरान करने वाली थी क्योंकि जिस समय घर में हत्या की वारदात होने का आरोप है, उसी समय शालू और सुब्रत लाउंज में पार्टी कर रहे थे।

6 लाख रुपये का लालच देकर नौकर को हत्या के लिए राजी करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, विशाल गौतम वर्ष 2022 से बेरोजगार था और उस पर करीब 2 लाख रुपये का कर्ज था। करीब 20 दिन पहले वह काम के सिलसिले में सुब्रत के घर गया था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान शालू ने उससे अपने ससुर के खिलाफ बात की।

आरोप है कि शालू ने विशाल से कहा कि वह अपने ससुर की हरकतों और रोक-टोक से परेशान है। उसने यह भी कहा कि घर में CCTV लगवा दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, शालू ने विशाल से कहा कि वह उसके ससुर को मार दे या उनका एक्सीडेंट करवा दे।

विशाल एक्सीडेंट कराने के लिए तैयार नहीं हुआ तो कथित तौर पर शालू ने उसे सोते समय तकिए से मुंह दबाने का तरीका बताया। उसने कहा कि इससे लोगों को हार्टअटैक से मौत होने का शक होगा।

पुलिस के अनुसार, शालू ने विशाल से कहा था कि काम करने के बाद वह उसे नौकरी पर रख लेगी और हत्या के बदले 6 लाख रुपये देगी। इसके बाद विशाल हत्या के लिए राजी हो गया।

दोस्त राजकिशोर को 30 हजार रुपये का लालच, फिर हुई हत्या

पुलिस के मुताबिक, विशाल ने अपने दोस्त राजकिशोर को भी इस काम में शामिल किया। उसे 30 हजार रुपये का लालच दिया गया।

इसके बाद आरोप है कि 5 सितंबर की रात दोनों ने विनीत मिनोचा की हत्या कर दी।

दवा कारोबारी की हत्या उनके अपने फ्लैट में ही हुई थी। पुलिस इस मामले में हत्या की साजिश और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

50 से 60 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार, बेटे के साथ संभालते थे दवा की फर्म

विनीत मिनोचा दवाओं के थोक विक्रेता थे। वह परिवार के साथ रतन आर्बिट अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर स्थित C-104 फ्लैट में रहते थे।

विनीत बिरहाना रोड पर ‘फार्मा ट्रेडर्स’ नाम से दवा की फर्म चलाते थे। वह अपने इकलौते बेटे सुब्रत के साथ कारोबार संभालते थे। फर्म का सालाना टर्नओवर करीब 50 से 60 करोड़ रुपये बताया गया है।

परिवार में उनकी पत्नी पुनीता, बेटा सुब्रत, बहू शालू और 6 साल का पोता श्रीजय हैं। पत्नी पुनीता मैरिज काउंसलर हैं।

शालू और सुब्रत की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी।

हत्या के बाद बेटे सुब्रत पर भी पुलिस का शक गहराया

इस मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ अब पुलिस की नजर केवल बहू शालू तक सीमित नहीं है। जांच में सामने आया है कि सुब्रत ने कथित सुपारी किलर विशाल गौतम से तीन महीने में करीब 309 बार फोन पर बात की थी

जांच में सामने आई इस कॉल डिटेल के बाद पुलिस का शक सुब्रत की भूमिका को लेकर भी गहरा हुआ है। हत्या की रात दोनों का कई घंटे तक लाउंज में साथ रहना और उसी दौरान घर में हत्या की वारदात होना भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है।

फिलहाल पुलिस मामले में सामने आए कॉल रिकॉर्ड, आरोपियों के बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ रही है।