CTM गुरविंद्र सिंह सस्पेंड:मुख्य सचिव ने मेल पर भेजे आदेश, कारण नहीं स्पष्ट
कैथल के CTM गुरविंद्र सिंह को मुख्य सचिव कार्यालय के आदेशों के बाद सस्पेंड कर दिया गया। सस्पेंशन का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन मंडी प्रबंधन में गड़बड़ी की चर्चा है।
■ कैथल CTM गुरविंद्र सिंह सस्पेंड
■ मुख्य सचिव कार्यालय ने मेल पर भेजे आदेश
■ मंडी प्रबंधन में गड़बड़ी की चर्चा
कैथल जिले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए CTM गुरविंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी आदेश उनकी आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए, जिसके बाद यह कार्रवाई प्रभावी मानी जा रही है। हालांकि, आदेशों में सस्पेंशन का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन मंडी प्रबंधन के दौरान अनियमितताओं को लेकर चर्चा तेज है।
जानकारी के मुताबिक, गुरविंद्र सिंह को इस संबंध में सीधे मेल के माध्यम से सूचना दी गई। उस समय वह कार्यालय से जा चुके थे, इसलिए उन्हें इसकी जानकारी बाद में मिली। अगले दिन स्टाफ ने उन्हें बताया कि उनकी मेल पर सस्पेंशन के आदेश प्राप्त हुए हैं।
खुद गुरविंद्र सिंह ने भी पुष्टि की कि उन्हें फिलहाल सिर्फ सस्पेंशन का आदेश मिला है, लेकिन कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस मामले में जानकारी जुटा रहे हैं और आगे की प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, मंडियों में खरीद व्यवस्था और प्रबंधन के दौरान कुछ अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई हो सकती है। हालांकि, आधिकारिक स्तर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि गुरविंद्र सिंह मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिले के कनीना के बाघोत गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने करीब तीन साल पहले पहले ही प्रयास में हरियाणा सिविल सेवा (HCS) परीक्षा पास की थी। स्कूली शिक्षा में भी वे टॉपर रहे और बाद में NIT कुरुक्षेत्र से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की।
इसके बाद उन्होंने UPSC की तैयारी भी की और दो बार लिखित परीक्षा पास की। वर्तमान में वे करीब दो वर्षों से कैथल में CTM के पद पर कार्यरत थे।
इस अचानक हुई कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर सस्पेंशन के पीछे वास्तविक कारण क्या हैं और आगे जांच में क्या सामने आता है।
shubham