मोदी सरकार के 12 वर्ष विकसित भारत की मजबूत नींव रखने वाले स्वर्णिम वर्ष
शिमला में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में जेपी नड्डा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने हिमाचल में स्वास्थ्य, सड़क और जनकल्याण योजनाओं में हुए विकास का उल्लेख किया।
- एम्स बिलासपुर, मेडिकल कॉलेजों और राष्ट्रीय राजमार्गों से बदली हिमाचल की तस्वीर
- जल जीवन मिशन, उज्ज्वला और प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों परिवारों के जीवन में आया बदलाव
शिमला में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित "12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" अभियान के अंतर्गत आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि विकसित भारत की मजबूत आधारशिला रखने वाला परिवर्तनकारी कालखंड है।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4399 दिनों तक देश के प्रधान सेवक के रूप में कार्य करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, समर्थन और आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया गया था, उसकी मजबूत नींव पिछले 12 वर्षों में रखी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की राजनीति जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द घूमती थी। आम नागरिक व्यवस्था परिवर्तन की उम्मीद छोड़ चुका था। प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति को सेवा, सुशासन और जवाबदेही का माध्यम बनाकर लोगों में विश्वास पैदा किया है। आज आम नागरिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का साहस करता है क्योंकि उसे सरकार पर भरोसा है।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" का मंत्र दिया। पहले सरकारें सीमित वर्गों तक सिमट जाती थीं, लेकिन आज केंद्र सरकार 140 करोड़ भारतीयों की सरकार के रूप में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं ने जिन संकल्पों के लिए वर्षों तक संघर्ष किया, उन्हें प्रधानमंत्री मोदी ने पूरा करके दिखाया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, तीन तलाक की समाप्ति और नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) लागू करना ऐसे ऐतिहासिक निर्णय हैं, जिन्हें पहले की सरकारें टालती रही थीं।
नड्डा ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है। वर्ष 2014 के बाद हुए तीनों लोकसभा चुनावों में भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों में हुए 75 प्रमुख चुनावों में से 43 में भाजपा और एनडीए को विजय मिली है।
आधारभूत ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि रेलवे विद्युतीकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग, सुरंगें, फोरलेन परियोजनाएं और आधुनिक परिवहन नेटवर्क देश के विकास की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में शत-प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि देशभर में 4.30 लाख किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कें बनाई गई हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में 14,400 किलोमीटर से अधिक सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। इससे दूरदराज के गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। हिमाचल प्रदेश में लगभग डेढ़ लाख परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। वहीं जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के सभी घरों को नल से जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य पूरा किया गया है।
नड्डा ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में करीब दो लाख शौचालयों का निर्माण हुआ है, जिससे महिलाओं की गरिमा और सम्मान को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भी एक लाख से अधिक परिवार इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में 376 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 820 से अधिक हो गई है। हिमाचल प्रदेश में चंबा, हमीरपुर और नाहन मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जबकि एम्स बिलासपुर प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारत आज रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा निर्यात में 5700 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और भारत अब कई देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल और स्वदेशी रक्षा उपकरण भारत की बढ़ती ताकत के प्रतीक हैं।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर बोलते हुए नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। भारत अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने वाला राष्ट्र बन चुका है। विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3, गगनयान मिशन, डिजिटल इंडिया, वंदे भारत ट्रेनें, सेमीकंडक्टर निर्माण, आधुनिक एयरपोर्ट और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क भारत के नए आत्मविश्वास की पहचान हैं। आज भारत विश्व मंच पर मजबूत नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बन चुका है और विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है।
Akhil Mahajan