हरियाणा में व्यक्ति की गोली मारकर ह*त्या, पुरानी रंजिश का एंगल सामने

झज्जर के डीघल गांव में 52 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही है। घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

हरियाणा में व्यक्ति की गोली मारकर ह*त्या, पुरानी रंजिश का एंगल सामने

झज्जर में 52 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

मृतक साहिल हत्याकांड के आरोपी योगेश का चाचा था

सीसीटीवी में मास्क पहने युवक वारदात को अंजाम देता दिखा

हरियाणा के झज्जर जिले के डीघल गांव में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जितेंद्र (52) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना देर रात घर के अंदर हुई, जहां हमलावरों ने घुसकर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

जितेंद्र दिव्यांग था और वह गांव में अपने घर पर मौजूद था। परिजनों के अनुसार हमलावर देर रात घर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक, 8 अप्रैल को हुए चर्चित फाइनेंसर साहिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी योगेश उर्फ योगी का चाचा था। योगेश फिलहाल जेल में बंद है। इसी वजह से इस हत्या को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

मृतक के भाई सोमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि साहिल के चचेरे भाई अमन उर्फ बंटी ने पहले भी उनके परिवार को बदला लेने की धमकी दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दो युवक घर के बाहर आते दिखाई देते हैं। उनमें से एक ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया जा रहा है।

इस हत्या के तार 8 अप्रैल को हुए साहिल हत्याकांड से जुड़ते नजर आ रहे हैं। उस मामले में पुलिस जांच के दौरान सामने आया था कि गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश और विवाद के चलते फाइनेंसर साहिल की हत्या की साजिश रची थी। उस केस में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।