धर्मशाला में आज भारत-अफगानिस्तान वनडे, क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह,बारिश की चुनौती के बीच आज धर्मशाला में होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला

धर्मशाला में आज भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर दर्शकों में उत्साह है, जबकि मौसम भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

धर्मशाला में आज भारत-अफगानिस्तान वनडे, क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह,बारिश की चुनौती के बीच आज धर्मशाला में होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला

धर्मशाला में आज भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा

22 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में क्रिकेट प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह

बारिश की संभावना के बीच एचपीसीए ने मैच संचालन के लिए विशेष इंतजाम किए

हिमाचल प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आज भारत और अफगानिस्तान के बीच एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मुकाबले का रोमांच देखने को मिलेगा। आईपीएल के सफल आयोजन के बाद एक बार फिर धर्मशाला क्रिकेट के बड़े मंच की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।

धौलाधार पर्वतमाला की खूबसूरत वादियों में बसे इस स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों क्रिकेट प्रशंसक धर्मशाला पहुंच चुके हैं। इसके चलते होटल, टैक्सी और पर्यटन कारोबार में भी रौनक लौट आई है।

मैच के लिए दोपहर 1 बजे टॉस होगा, जबकि 1:30 बजे मुकाबले की पहली गेंद फेंकी जाएगी। दर्शकों के लिए सुबह 10:30 बजे से स्टेडियम के गेट खोल दिए जाएंगे। करीब 22 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों के पहुंचने की संभावना है।

यह मुकाबला कई मायनों में ऐतिहासिक रहने वाला है। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और अफगानिस्तान की टीमें वनडे मुकाबले में आमने-सामने होंगी। स्टेडियम अपने इतिहास का 11वां अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच आयोजित करेगा। भारतीय टीम यहां अपना छठा वनडे खेलेगी, जबकि अफगानिस्तान दूसरी बार इस मैदान पर एकदिवसीय मुकाबला खेलने उतरेगा।

भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि अफगानिस्तान की कमान हशमतुल्लाह शाहिदी संभालेंगे। भारतीय टीम में अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा के अलावा कई युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है। इनमें से कई खिलाड़ी पहली बार धर्मशाला के मैदान पर वनडे मैच खेलते नजर आएंगे।

हालांकि मुकाबले पर मौसम की नजर भी बनी हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। यदि मौसम खराब होता है तो मैच प्रभावित हो सकता है। हालांकि एचपीसीए ने इसके लिए अत्याधुनिक इंतजाम किए हैं।

स्टेडियम में मौजूद एडवांस सब एयर सिस्टम बारिश के बाद मैदान को महज 15 से 20 मिनट में खेलने योग्य बना सकता है। इसके अलावा सुपर सोपर मशीनों की भी व्यवस्था की गई है, जिससे मैदान पर जमा पानी को तेजी से हटाया जा सके।

मुकाबले की सफलता और मौसम की अनुकूलता के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने एचपीसीए पदाधिकारियों के साथ क्षेत्र के आराध्य देवता भगवान इंद्रुनाग के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना भी की। स्थानीय मान्यता के अनुसार इंद्रुनाग देवता क्षेत्र के रक्षक माने जाते हैं और मौसम पर उनका विशेष प्रभाव माना जाता है।

इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर पूरे कांगड़ा और धर्मशाला क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। बाजारों, होटलों और पर्यटन स्थलों पर क्रिकेट प्रशंसकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ऐसे आयोजन स्थानीय कारोबार और पर्यटन उद्योग को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।

धौलाधार पर्वतमाला पर हाल ही में हुई बर्फबारी ने धर्मशाला की खूबसूरती को और बढ़ा दिया है। हरे-भरे मैदान के पीछे बर्फ से ढकी चोटियों का दृश्य इस स्टेडियम को दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट मैदानों में शामिल करता है।

एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और संगठन सफल आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला स्टेडियम हिमाचल प्रदेश का वैश्विक दूत बन चुका है और यहां होने वाले मुकाबले प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और आतिथ्य को विश्वभर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।