'गो बैक' के नारों के बीच झुके CM सुक्खू! जानें वजह
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने JBT शिक्षकों के विरोध के बाद क्लस्टर सिस्टम पर पुनर्विचार, सस्पेंशन और FIR खत्म करने तथा प्रमोशन शुरू करने का भरोसा दिया।
➤ JBT शिक्षकों के विरोध के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू ने क्लस्टर सिस्टम पर पुनर्विचार का दिया आश्वासन
➤ जरूरत पड़ी तो न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम में संशोधन या अधिसूचना वापस लेने की कही बात
➤ सस्पेंड शिक्षकों की बहाली, FIR खत्म करने और प्रमोशन प्रक्रिया शुरू करने का भी भरोसा
हिमाचल प्रदेश में JBT शिक्षकों के विरोध के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्लस्टर सिस्टम और न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम को लेकर बड़ा बयान दिया है। कुल्लू में आयोजित जनसभा के दौरान शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को जमकर घेरा और गो बैक के नारे लगा दिए। इसपर शिक्षकों की प्रमुख मांगों पर सरकार के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करेगी और जरूरत पड़ने पर सिस्टम में संशोधन या अधिसूचना वापस लेने से भी पीछे नहीं हटेगी।
क्लस्टर सिस्टम पर बैठक के बाद दिया भरोसा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उन्होंने क्लस्टर सिस्टम को लेकर बैठक कर ली है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं छात्र राजनीति और युवा नेतृत्व से जुड़े रहे हैं, इसलिए आंदोलन और शिक्षकों की भावनाओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम में जहां भी सुधार की आवश्यकता होगी, सरकार उस पर विचार करेगी। यदि संशोधन करना पड़े या अधिसूचना वापस लेनी पड़े तो उस पर भी गंभीरता से निर्णय लिया जाएगा।
5 नवंबर से पहले होगी शिक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षकों की कमेटी के साथ बैठकर सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 5 नवंबर से पहले शिक्षकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी ताकि सभी पक्षों को साथ लेकर समाधान निकाला जा सके।
सस्पेंशन और FIR खत्म कराने का भी किया ऐलान
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान जिन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, उनके सस्पेंशन और दर्ज FIR को भी समाप्त कराने की दिशा में सरकार कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने देगी और सभी मामलों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
प्रमोशन और प्रशासनिक अधिकारों पर भी दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक शक्तियों को लेकर भी सरकार निर्णय लेगी। इसके साथ ही JBT से TGT पदों पर लंबित प्रमोशन प्रक्रिया को भी जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से सरकार पर विश्वास बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि उनकी मांगों पर गंभीरता से काम किया जाएगा।
विरोध के बाद सरकार ने दिखाए नरम तेवर
शिमला में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के इस बयान को सरकार के नरम रुख के रूप में देखा जा रहा है। अब शिक्षकों की निगाहें सरकार की आगामी बैठक और लिए जाने वाले फैसलों पर टिकी हैं।
Akhil Mahajan