हरियाणा के 5 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, 10 मई से बदलेगा मौसम

हरियाणा के 5 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 10 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ कई जिलों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।

हरियाणा के 5 जिलों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, 10 मई से बदलेगा मौसम

हरियाणा के 5 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट

10 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ करेगा असर

रोहतक समेत कई जिलों में पारा 44°C तक पहुंचने के आसार

हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 5 जिलों गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल और रेवाड़ी में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा।

सुबह के समय रेवाड़ी में हल्की बूंदाबांदी और चमक-गरज देखने को मिली। वहीं महेंद्रगढ़ में सुबह मौसम साफ नजर आया, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बदलाव की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के साथ हरियाणा के मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल सकता है। इससे मौसम में फिर बदलाव और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना बन सकती है।

हालांकि गुरुवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। इसके बावजूद राज्य का तापमान सामान्य से करीब 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान सिरसा में 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में फिर तेजी से बढ़ोतरी होगी। उत्तरी हरियाणा के जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल में यह 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

प्रदेश के मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है। जबकि दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हरियाणा के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रोहतक, महेंद्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी ज्यादा असर दिखा सकती है।

वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी का अनुमान है। उत्तरी जिलों में रात का तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

मौसम विभाग की सिनॉप्टिक फीचर्स रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही 10 मई से एक नया सिस्टम पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसका असर हरियाणा के मौसम पर भी पड़ सकता है।